सुबह की सुर्खियां : गैंगस्टर लॉरेंस विश्नोई से एनआईए कर रही है पूछताछ



नई दिल्ली  (हि.स.)। गैंगस्टर लॉरेंस विश्नोई से राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) पूछताछ कर रही है। दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट ने लॉरेंस को कल (मंगलवार) सात दिन की एनआईए हिरासत में भेजा था। एनआईए ने हिरासत की मांग करते हुए कहा था आतंकवादी संगठन अंतरराष्ट्रीय और अंतर्राज्यीय सीमा के माध्यम से हथियारों और गोला-बारूद की तस्करी के लिए संगठित आपराधिक सिंडिकेट का उपयोग कर रहे हैं। देश के खिलाफ युद्ध छेड़ने के लिए बब्बर खालसा इंटरनेशनल, खालिस्तान लिबरेशन फोर्स जैसे प्रतिबंधित समूहों के गुर्गों ने नेटवर्क तैयार किया है। इस संबंध में लॉरेंस से पूछताछ करनी है।

नेपाल के राष्ट्रपति को सांस लेने में दिक्कत

काठमांडू (हि.स.)। नेपाल के राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल को सांस लेने में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। इसकी शिकायत के बाद उन्हें कल (मंगलवार) यहां एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। नेपाल कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने इसकी पुष्टि की। इस नेता के मुताबिक 78 वर्षीय पौडेल को काठमांडू के महाराजगंज में टीचिंग अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल प्रशासन प्रमुख बैकुंठ थपलिया के मुताबिक राष्ट्रपति पौडेल का इलाज चल रहा है । प्रधानमंत्री पुष्पकमल दहल प्रचंड ने अस्पताल पहुंचकर पौडेल का हालचाल जाना। राष्ट्रपति को एक महीने में दूसरी बार अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

समान न्यायिक संहिता की मांग पर सुनवाई से दिल्ली हाई कोर्ट का इनकार

नई दिल्ली  (हि.स.)। दिल्ली हाई कोर्ट ने समान न्यायिक संहिता बनाने की मांग संबंधित याचिका पर कल (मंगलवार) सुनवाई करने से इनकार कर दिया। चीफ जस्टिस सतीश चंद्र शर्मा की अध्यक्षता वाली बेंच ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट सितंबर 2022 में इस याचिका को खारिज कर चुका है। सुप्रीम कोर्ट ने हाई कोर्ट में याचिका दायर करने की छूट नहीं दी थी। यह याचिका भाजपा नेता और वकील अश्विनी उपाध्याय ने दायर की थी। याचिका में न्यायिक शब्दों, संक्षेपाक्षरों, मुहावरों, कोर्ट फीस का ढांचा और वाद दायर करने की एक समान प्रक्रिया बनाने की मांग की गई थी।

गुवाहाटी में मां कामाख्या कॉरिडोर की रूपरेखा तैयार

गुवाहाटी (असम (हि.स.)। गुवाहाटी में अत्याधुनिक मां कामाख्या कॉरिडोर की रूपरेखा असम सरकार ने तैयार की है। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने कल (मंगलवार) ट्वीट कर इसकी झलक पेश की। इस शक्तिपीठ पर देश-दुनिया के करोड़ों लोगों की आस्था है। मुख्यमंत्री ने वीडियो शेयर करते हुए कहा-निकट भविष्य में पुनर्निर्मित मां कामाख्या कॉरिडोर कैसा दिखेगा, इसकी एक झलक साझा कर रहा हूं। सनद रहे इसकी रूपरेखा उत्तर प्रदेश के काशी विश्वनाथ कॉरिडोर और मध्य प्रदेश के महाकाल कॉरिडोर की तर्ज पर तैयार की गई है।

राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने अतीक-अशरफ हत्याकांड पर रिपोर्ट मांगी

नई दिल्ली,  (हि.स.)। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने माफिया अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की पुलिस अभिरक्षा में हुई हत्या पर उत्तर प्रदेश पुलिस से चार हफ्ते में रिपोर्ट भेजने को कहा है। आयोग ने इस संबंध में कल (मंगलवार) उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक और प्रयागराज के पुलिस आयुक्त को नोटिस जारी किया। सनद रहे प्रयागराज में शनिवार रात तीन हमलावरों ने अतीक और अशरफ की गोली मारकर हत्या कर दी थी।

उत्तराखंड के हल्द्वानी में खेल विश्वविद्यालय खोलने की प्रक्रिया तेज

हल्द्वानी (उत्तराखंड) (हि.स.)। उत्तराखंड के हल्द्वानी के गौलापार क्षेत्र में खेल विश्वविद्यालय की स्थापना करने की प्रक्रिया तेज हो गई है। राज्य की खेलमंत्री रेखा आर्य कल (मंगलवार) अधिकारियों के साथ इसके लिए जमीन (37 एकड़) देखने गौलापार पहुंचीं। यह भूखंड इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के पास है। फिलहाल यह भूखंड वन विभाग के पास है। विश्वविद्यालय के लिए इसे खेल विभाग को हस्तांतरित किया जाना है। रेखा आर्य ने कहा यह प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी।

खबरें और भी हैं...