
निघासन-खीरी (लखीमपुर खीरी): उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के सिंगाही थाना क्षेत्र से प्रेम प्रसंग का एक बेहद दर्दनाक और रूह कॉप देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 20 साल के युवक ने प्यार में मिले तनाव और टूटे दिल के कारण फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस खौफनाक कदम को उठाने से ठीक पहले युवक ने सोशल मीडिया पर एक बेहद भावुक वीडियो पोस्ट किया, जो अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के बाद से ही पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है और पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
शादी समारोह में शुरू हुई थी अधूरी प्रेम कहानी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिंगाही कस्बा के रहने वाले करीब 20 वर्षीय इरफान का प्रेम संबंध रचना नाम की एक शादीशुदा महिला से चल रहा था। बताया जा रहा है कि दोनों की पहली मुलाकात लगभग एक साल पहले एक विवाह समारोह के दौरान हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे यह दोस्ती गहरी मोहब्बत में बदल गई। हालांकि, परिजनों के मुताबिक पिछले कुछ समय से दोनों के प्रेम संबंधों में गंभीर दरार आ गई थी, जिसके चलते इरफान गहरे मानसिक तनाव से गुजर रहा था।
प्रेमिका लौटी पति के पास, तो टूट गया इरफान का दिल
स्थानीय लोगों और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, रचना हाल ही में इरफान से दूरी बनाकर अपने पति के पास वापस लौट गई थी। प्रेमिका के इस फैसले से इरफान पूरी तरह मानसिक रूप से टूट चुका था। परिजनों ने बताया कि इरफान ने रचना को वापस अपनी जिंदगी में लाने के लिए काफी मिन्नतें कीं और उसे मनाने की हर संभव कोशिश की, लेकिन महिला दोबारा वापस आने के लिए तैयार नहीं हुई। इसी बात के सदमे और अवसाद में आकर मंगलवार की देर रात इरफान ने फांसी का फंदा बनाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
1 मिनट 44 सेकेंड का आखिरी वीडियो: “उसे कोई परेशान न करे”
मरने से ठीक पहले इरफान ने अपने मोबाइल से करीब 1 मिनट और 44 सेकेंड का एक बेहद भावुक वीडियो रिकॉर्ड किया। वीडियो में वह लड़खड़ाती आवाज में कहता नजर आ रहा है, “हम तुमसे मोहब्बत किया ठीक… अब तुम खुश रहो हमारे बिना।” दिल दहला देने वाले इस आखिरी वीडियो में उसने यह भी गुहार लगाई कि उसकी मौत के लिए किसी भी इंसान को जिम्मेदार न ठहराया जाए और उसके जाने के बाद रचना को कोई भी परेशान न करे।
पुलिस जांच में खुले पुराने मुकदमे के राज, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की जानकारी मिलते ही सिंगाही थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर अपने कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस की शुरुआती तफ्तीश में यह बात भी सामने आई है कि दोनों परिवारों के बीच विवाद काफी पुराना था। महिला के पति ने कुछ समय पहले इरफान, उसके पिता और उसके भाई के खिलाफ स्थानीय थाने में विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा भी दर्ज कराया था।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो, जांच में जुटी पुलिस
इरफान की मौत के बाद से उसका आखिरी वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है। हर कोई इस दर्दनाक अंत को देखकर हैरान है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि वायरल वीडियो और परिजनों के बयानों को आधार बनाकर मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।








