
हैदराबाद। तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद स्थित प्रतिष्ठित ‘सरदार वल्लभभाई पटेल नेशनल पुलिस एकेडमी’ (SVPNPA) में महिला ट्रेनी आईपीएस अधिकारी के साथ यौन उत्पीड़न के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी ट्रेनी IPS अधिकारी उदय कृष्णा रेड्डी के खिलाफ रेप और हत्या की कोशिश जैसी बेहद गंभीर धाराएं जोड़ दी हैं। बुधवार को पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में चंचलगुडा सेंट्रल जेल भेज दिया गया।
यौन उत्पीड़न से लेकर हत्या के प्रयास तक: पुलिस ने जोड़ीं कड़ी धाराएं
यह मामला करीब 11 दिन पहले उस वक्त सामने आया जब 30 वर्षीय महिला IPS ट्रेनी ने अत्तापुर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता का आरोप है कि 33 वर्षीय आरोपी ट्रेनी IPS ने उसके साथ यौन उत्पीड़न किया, चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और उसकी प्राइवेसी का हनन किया। शुरुआत में पुलिस ने छेड़छाड़, वॉयूरिज्म (ताक-झांक), पीछा करने और आपराधिक धमकी की धाराओं में FIR दर्ज की थी। हालांकि, तफ्तीश आगे बढ़ने पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(1) (रेप), धारा 109 (हत्या का प्रयास) और अन्य संबंधित धाराएं भी केस में जोड़ दी गईं।
मेडिकल जांच में मिले गला दबाने और चोट के निशान
एक रिपोर्ट के मुताबिक, पीड़िता की मेडिकल जांच रिपोर्ट ने आरोपी की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मेडिकल परीक्षण में महिला अफसर की गर्दन पर गला दबाने जैसे गंभीर निशान और पैर पर चोट की पुष्टि हुई है, जो पीड़िता के दावों का समर्थन करते हैं। पुलिस ने मंगलवार देर रात आरोपी को अरामगढ़ चौराहे के पास से हिरासत में लिया था और उस्मानिया जनरल अस्पताल में उसका मेडिकल चेकअप कराया। अदालत में बचाव पक्ष ने कस्टडी का विरोध किया, लेकिन सबूतों को देखते हुए कोर्ट ने 14 दिन की रिमांड मंजूर कर ली।
इंस्टाग्राम पर हुई थी मुलाकात, रिश्ता टूटने के बाद बढ़ा विवाद
राजेंद्रनगर के डीसीपी एस. श्रीनिवास ने मामले की पृष्ठभूमि की जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी और पीड़िता की पहली पहचान साल 2025 में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। महिला अधिकारी ने आरोपी के IPS बनने के सफर से जुड़ी एक पोस्ट पर कमेंट किया था, जिसके बाद बातचीत शुरू हुई। पुलिस के अनुसार, धीरे-धीरे दोनों के रिश्तों में कड़वाहट आ गई। आरोप है कि आरोपी ब्लैकमेलिंग, हथियार लहराने, सुसाइड की धमकी देने और एक से अधिक रिश्तों की मांग करने लगा। तंग आकर महिला अधिकारी ने रिश्ता खत्म कर किसी अन्य व्यक्ति से शादी कर ली थी, जिसके बाद आरोपी की प्रताड़ना और बढ़ गई। फिलहाल पुलिस सभी साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है।












