“सपा के 10-15 विधायक संपर्क में….गौरीगंज से 3 बार के विधायक राकेश प्रताप सिंह 14 अक्टूबर को थामेंगे BJP का दामन, अखिलेश पर लगाए गंभीर आरोप

उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी (सपा) को अमेठी में तगड़ा झटका लगने जा रहा है। गौरीगंज सीट से लगातार तीन बार सपा के विधायक रहे और पार्टी के बागी नेता राकेश प्रताप सिंह ने आगामी 14 अक्टूबर को औपचारिक रूप से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने का ऐलान कर दिया है।

राकेश प्रताप सिंह 14 अक्टूबर को सुबह 11 बजे गौरीगंज स्थित अपने निजी आवास ‘मंगलम’ में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी और अन्य वरिष्ठ भाजपा नेताओं की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ग्रहण करेंगे। भाजपा में शामिल होने की घोषणा से पूर्व उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की तथा मीडिया से बात करते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव और पार्टी की नीतियों पर तीखा हमला बोला।

“सपा के 10-15 विधायक संपर्क में, भाजपा चाहे तो आधी सपा साथ होगी”

राकेश प्रताप सिंह ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी के 10 से 15 विधायक अभी भी लगातार भाजपा के संपर्क में हैं। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा शीर्ष नेतृत्व मन बना ले तो आधी समाजवादी पार्टी भाजपा के साथ खड़ी नजर आएगी। उन्होंने कहा कि सपा की सनातन विरोधी नीतियों और आंतरिक कार्यप्रणाली से क्षुब्ध होकर कई अन्य विधायक भी जल्द ही पाला बदलने को तैयार हैं।

अखिलेश यादव पर अनदेखी और उपेक्षा के आरोप

सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर अपनी भड़ास निकालते हुए राकेश प्रताप सिंह ने गंभीर व्यक्तिगत आरोप लगाए। उन्होंने कहा, “जब मेरा एक्सीडेंट हुआ था, तब 5 केडी (मुख्यमंत्री आवास) से 27 बार फोन कर मेरा हाल-चाल लिया गया, लेकिन अखिलेश यादव का एक भी फोन नहीं आया। जब मैं जनता के मुद्दों को लेकर 11 दिनों तक अनशन पर बैठा रहा, तब भी वे मुझसे मिलने तक नहीं आए। मैं उनका निष्ठावान विधायक था और उनके लिए मरने-जीने को तैयार था, लेकिन उन्होंने हमेशा अनदेखी की।”

“रामचरितमानस जलाने वालों और सनातन विरोधियों के साथ राजनीति संभव नहीं”

राकेश प्रताप सिंह ने सपा छोड़ने की मुख्य वजह पार्टी नेताओं द्वारा सनातन धर्म और रामचरितमानस पर की गई टिप्पणियों को बताया। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी में भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाए जाते हों और रामचरितमानस को फाड़ने या जलाने वालों को बढ़ावा दिया जाता हो, वहां रहना उनके स्वाभिमान के खिलाफ था।

राम मंदिर दर्शन के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि भगवान राम के दर्शन के लिए किसी मुहूर्त की जरूरत नहीं होती और अखिलेश यादव को अपने मन का डर निकालकर रामलला की शरण में जाना चाहिए।

सपा के ‘PDA’ पर कसा तंज और 2027 के चुनाव का दावा

सपा के चर्चित नारा ‘PDA’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि सपा के PDA में न ‘P’ है, न ‘D’ है और न ‘A’ है, इसमें केवल अखिलेश यादव का ‘परिवार’ शामिल है। उन्होंने राज्यसभा चुनाव में आम कार्यकर्ताओं के बजाय उद्योगपतियों और परिवार को तरजीह देने का भी आरोप लगाया।

अखिलेश यादव द्वारा सीएम योगी को अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती देने के सवाल पर उन्होंने कहा कि सपा प्रमुख अपने पूर्व विधायक पवन पांडे से नाराज हैं और उन्हें हराने की साजिश रच रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि आगामी 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा 2017 से भी बड़ा रिकॉर्ड कायम कर प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।

 

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha