
- सर्वाइकल कैंसर से बचाव की दिशा में ऐतिहासिक पहल, राजकीय स्वास्थ्य इकाइयों में मिल रही निःशुल्क वैक्सीन
लखनऊ। उत्तर प्रदेश ने अपनी बेटियों के स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए ह्यूमन पैपिलोमावायरस टीकाकरण अभियान में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त कर लिया है। प्रदेश में 26 लाख से अधिक बालिकाओं को यह जीवनरक्षक सुरक्षा कवच प्रदान किया गया है, जो सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के प्रति सरकार की दृढ़ प्रतिबद्धता को दर्शाता है। राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत 14 वर्ष की पात्र बालिकाओं (जिनका 14वां जन्मदिन पूर्ण हो चुका है और 15वां नहीं) को माता-पिता की सहमति से सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों और जिला अस्पतालों में निःशुल्क एकल-खुराक वैक्सीन दी जा रही है। निजी अस्पतालों में इस वैक्सीन की उच्च कीमत के कारण आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को होने वाली कठिनाई को देखते हुए प्रदेश सरकार ने इसे सरकारी अस्पतालों में पूरी तरह मुफ्त उपलब्ध कराया है।
इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की मिशन निदेशक, डॉ. पिंकी जोवल ने कहा कि उत्तर प्रदेश लक्षित समूह में 100% कवरेज पाने वाले अग्रणी राज्यों में शामिल है। 26 लाख बेटियों को यह सुरक्षा कवच मिलना केवल एक आंकड़ा नहीं, बल्कि लाखों परिवारों की उम्मीदों से जुड़ा भावनात्मक पल है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय स्वास्थ्य विभाग की टीमों, एएनएम, आशा कार्यकर्ताओं, शिक्षकों और अभिभावकों के सामूहिक प्रयासों को दिया है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, किशोरावस्था में यह टीकाकरण भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के जोखिम को काफी हद तक कम करने का सबसे प्रभावी निवारक उपाय है।











