परिवहन निगम मेरठ रीजन में रखे जाएंगे 241 परिचालक

भास्कर समाचार सेवा
मेरठ।सरधना परिवहन निगम के मेरठ क्षेत्र अंतर्गत बड़ौत, भैंसाली, सोहराब गेट व गढ़ डिपो में बेरोजगार युवाओं के लिए संविदा पर नौकरी का सुनहरा अवसर है। यहां 241 परिचालकों के नए पद सृजित किए गए हैं। जिनकी भर्ती प्रक्रिया शनिवार से शुरू होगी।

क्षेत्रीय प्रबंधक केके शर्मा ने बताया कि निगम की ओर से समस्त उत्तर प्रदेश के साथ-साथ अन्य राज्यों में भी अपनी बस सेवाओं का संचालन किया जाता है। जिसके जरिये परिवहन निगम लाखों यात्रियों को सुगम, सुलभ और समयबद्ध यात्रा कराता है। साथ ही निगम से जुड़कर हजारों परिवार यात्रियों की सेवा में तत्पर हैं, साथ ही उनके परिवार की आजीविका का स्रोत भी बन रहा है। वर्तमान में उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम, मेरठ क्षेत्र से मेरठ, बागपत जिलों के ग्रामीण मार्गों के साथ-साथ अन्तर्राजीय मार्गों पर बसों का संचालन किया जाता है। उत्तर प्रदेश सरकार के मार्गदर्शन में पर्याप्त रोजगार और जनमानस को बेहतर एवं सुलभ परिवहन सेवा उपलब्ध कराने के लिए 300 अनुबन्धित बसों का अनुबन्ध कराने तथा निगम में नई बसों को शामिल कर बस बेड़े को विस्तारित करने की योजना है। जिससे अत्यधिक लोगों को रोजगार दिया जा सके।

रोजगार के पर्याप्त अवसरों के दृष्टिगत उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम, मेरठ क्षेत्र में आउटसोर्सिंग के आधार पर संविदा परिचालकों के 241 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। जिनकी शैक्षिक अर्हता इंटरमीडियट तथा अधिमानी अर्हता सीसीसी है। अभ्यर्थियों को इंटर मीडिएट के प्राप्तांक की मेरिट के आधार पर चुना जायेगा।

इच्छुक अभ्यर्थी सेवायोजन कार्यालय की वेवसाइट सेवायोजन डॉट यूपी डॉट एनआईसी डॉट आईएन पर सात जनवरी से 14 जनवरी तक आवेदन कर सकते हैं।

खबरें और भी हैं...