
भास्कर समाचार सेवा साहिबाबाद। थाना साहिबाबाद क्षेत्र के शालीमार गार्डन में हथियारों के बल पर चार बदमाशों ने एक स्क्रैप कारोबारी से पांच लाख की लूट को अंजाम दिया से। जानकारी के अनुसार स्क्रैप कारोबारी अनस मलिक पुत्र मुस्तकीम मलिक निवासी ए-58 मेन शालीमार गार्डन थाना साहिबाबाद क्षेत्र अपने ममेरे भाई साहिल मलिक निवासी 261 बड़ी मस्जिद पसोंडा के साथ शालीमार गार्डन स्थित अपने ऑफिस एचआर 87 शालीमार गार्डन से निकलकर अपनी गाड़ी ग्रैंड आई10 नियोस में अपना रुपयों से भरा बैग रख कर घर जाने की तैयारी कर रहा था। जैसे ही व्यापारी ने अपनी गाड़ी आगे बढ़ाई चार बदमाश गाड़ी की तरफ दौड़ कर आए और स्क्रैप कारोबारी की दोनों साइड की खिड़की खोल कर उसकी कार की चाबी छीन ली और हथियार दिखा करके धमकाया तथा पांच लाख रुपये से भरा बैग लूट पर मौके से फरार हो गए।
इस वारदात को अंजाम देने वाले चार अज्ञात बदमाशों के खिलाफ थाना साहिबाबाद में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। अभी तक पुलिस को लुटेरों का कोई सुराग हाथ नही लगा है।

एसीपी पूनम मिश्रा ने बताया कि शनिवार की रात 11:30 बजे व्यापारी जब अपनी कार में बैठकर चलने लगा तभी चार अज्ञात बदमाशों ने उनसे हथियारों के बल पर रुपयों भरा बैग लूट लिया । इस संबंध में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर अपराधियों की तलाश शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार किया जाएगा।












