नरसिंहपुर। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव में आठ साल की मासूम बच्ची के साथ बर्बरता और हत्या के सनसनीखेज मामले ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। हवस का शिकार बनाने के बाद आरोपी ने मासूम की गला घोंटकर हत्या कर दी और साक्ष्य मिटाने के लिए शव को पानी से भरे गड्ढे में फेंक दिया। वारदात के बाद आरोपी बेखौफ होकर ग्रामीणों के साथ बच्ची को ढूंढने का ढोंग भी करता रहा। इस नृशंस घटना के विरोध में गोटेगांव पूरी तरह बंद है और सड़कों पर कैंडल मार्च निकालकर आरोपी को फांसी देने की मांग की जा रही है। इलाके में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
पिता के नाम का झांसा देकर स्कूल से ले गया आरोपी
घटनाक्रम के मुताबिक, 5 अगस्त की दोपहर आठ वर्षीय बच्ची रोजाना की तरह स्कूल गई थी। छुट्टी के वक्त पड़ोस में रहने वाला आरोपी अनिल यादव उर्फ अन्नू स्कूल पहुंचा। उसने बच्ची से झूठ बोला कि उसके पिता ने उसे घर बुलाया है। बच्ची ने अपने शिक्षक को यही जानकारी दी और अपना बस्ता कक्षा में ही रखकर उसके साथ चली गई। जब काफी देर तक बच्ची घर नहीं लौटी तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। सुराग न मिलने पर परिजनों ने झौतेश्वर पुलिस चौकी में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।
8 घंटे चला सघन तलाशी अभियान, जंगल में मिला शव
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) डॉ. ऋषिकेश मीना और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) संदीप भूरिया पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। डॉग स्क्वॉड, FSL टीम और तकनीकी सर्विलांस की मदद से रात में ही संयुक्त तलाशी अभियान चलाया गया। ग्रामीणों और पुलिस की कड़ी मशक्कत के करीब आठ घंटे बाद गांव से डेढ़ किलोमीटर दूर जंगल में पानी से भरे गड्ढे के पास से मासूम का शव बरामद हुआ। शुरुआती जांच में ही दुष्कर्म के बाद हत्या की पुष्टि हो गई।
तलाश में शामिल होने का नाटक कर रहा था आरोपी, पुलिस की सख्ती पर कबूला जुर्म
जांच के दौरान संदेह के आधार पर पुलिस ने अनिल यादव को हिरासत में लिया। पुलिस और मीडिया के समक्ष आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए कहा कि उसकी नीयत खराब हो गई थी। उसने कबूला कि जब बच्ची दर्द और डर के मारे चिल्लाने लगी तो पकड़े जाने के भय से उसने उसका गला घोंट दिया। हत्या के बाद शव को गड्ढे में फेंककर वह गांव लौट आया और परिजनों के साथ बच्ची को तलाशने का नाटक करने लगा ताकि किसी को उस पर शक न हो।
SIT का गठन, फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलेगा मुकदमा
गुरुवार को जिला अस्पताल में तीन डॉक्टरों के पैनल ने बच्ची के शव का पोस्टमार्टम किया। पुलिस ने आरोपी अनिल यादव के विरुद्ध पोक्सो (POCSO) एक्ट, दुष्कर्म और हत्या जैसी गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। मामले की त्वरित जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले को ‘दुर्लभ से दुर्लभतम’ श्रेणी में रखकर फास्ट ट्रैक कोर्ट के जरिए आरोपी को सख्त से सख्त सजा दिलाने की कार्रवाई की जा रही है।














