
आईपीएल में इस सीजन एमएस धोनी (MS Dhoni) की कप्तानी वाली चेन्नै सुपरकिंग्स (CSK) का प्रदर्शन इस सीजन कुछ फीका दिख रहा है। इस बीच सोशल मीडिया पर ट्रोलर्स ने धोनी को ट्रोल करना शुरू कर दिया है। हालांकि यह बात उस वक्त बिगड़ जब कुछ खराब मानसिकता के ट्रोलर्स ने धोनी की 5 साल की बेटी को सोशल मीडिया पर रेप की धमकी दे दी। इस पर एक्ट्रेस नगमा ने इसकी निंदा करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पूछा कि यह देश में क्या हो रहा है।
नगमा ने ट्वीट किया, ‘‘एक देश के तौर पर हम कहां खड़े हैं? यह बहुत ही शर्मनाक है कि आईपीएल में केकेआर से चेन्नई की हार के बाद लोगों ने धोनी की 5 साल की बेटी को रेप की धमकी दी। मिस्टर प्रधानमंत्री हमारे देश में यह क्या हो रहा है?’’ नगमा ने हैशटैग में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ भी लिखा।
सांसद प्रियंका और विधायक सौम्या ने भी नाराजगी जताई
कर्नाटक की विधायक सौम्या रेड्डी ने कहा, ‘‘यह बहुत ही दुखद है। हमारे देश में क्या हो रहा है? यह हम किस ओर जा रहे हैं।’’ वहीं, महाराष्ट्र में शिवसेना की राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने लिखा- आज सोशल मीडिया का किस तरह से गलत इस्तेमाल किया जा रहा है। यह उसका बड़ा उदाहरण है।

सोशल मीडिया पर कई लोगों ने ट्रोलर्स की इस घिनौनी करतूत के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की है। पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज और क्रिकेट कॉमेंटेटर इनफान पठान ने भी ऐसे ट्रोलर्स को करारा जवाब दिया है।
पठान ने एक ट्वीट कर लिखा, ‘सभी खिलाड़ी अपना बेहतर दे रहे हैं। कभी-कभी यह काम नहीं आ पाता है लेकिन इससे किसी को यह अधिकार नहीं मिल जाता कि कोई छोटे बच्चे को किसी प्रकार की धमकी दे।’
पठान की बात पर सहमति जताते हुए और ट्रोलर्स की ऐसी हरकत पर दुख जताते हुए एक यूजर ने पठान को रिप्लाई करते हुए लिखा, ‘भारत बहुत गलत दिशा में जा चुका है हर तरफ सिर्फ नकारात्मकता ही नकारात्मकता है।’
पठान ने इसका जवाब देते हुए लिखा, ‘भारत नहीं। लोग।’
कोलकाता के खिलाफ धोनी ने मैच में 12 बॉल पर 11 रन बनाए थे
दरअसल, आईपीएल में बुधवार को कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने धोनी कप्तानी वाली चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) को मैच में 168 रन का टारगेट दिया था। इसके जवाब में सीएसके 157 रन ही बना सकी और 10 रन से मैच हार गई। मैच में धोनी 12 बॉल पर सिर्फ 11 रन ही बना सके थे। चेन्नई सीजन में अब तक 6 में से 2 मैच जीतकर 4 पॉइंट के साथ छठे नंबर पर है। इस साल कोरोना के कारण धोनी अपनी फैमिली को आईपीएल के लिए यूएई लेकर नहीं गए।













