
औरैया। थाना क्षेत्र के ग्राम लालपुर में गत 13 जनवरी को एक महिला की हत्या कर दी गई थी। जिसका खुलासा ककोर मुख्यालय पर प्रेस वार्ता के दौरान पुलिस अधीक्षक ने किया है। पुलिस टीम ने आरोपी को पकड़ने में कामयाबी हासिल की है। पुलिस अधीक्षक अपर्णा गौतम द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान के क्रम में एवं अपर पुलिस अधीक्षक शिष्यपाल के मार्गदर्शन तथा क्षेत्र अधिकारी अजीतमल कमलेश नरायन पांडे के नेतृत्व में थाना फफूंँद पुलिस द्वारा थाना क्षेत्र में गत 13 जनवरी 2021 को हुई हत्या की घटना का खुलासा ककोर मुख्यालय पर प्रेस वार्ता के दौरान किया है।
घटना का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक गौतम ने बताया कि थाना फफूंँद क्षेत्र के ग्राम लालपुर में बनी झोपड़ी में एक महिला के मृत पाये जाने की सूचना दी गई थी। सूचना के आधार पर तत्काल उच्चाधिकारियों एवं थाना पुलिस द्वारा घटनास्थल पर पहुंचकर मुआयना किया गया। जिसके उपरांत तत्काल थाना फफूंँद पर हत्या की धारा एवं दलित अधिनियम के तहत संदेह के आधार पर दलवीर सिंह पुत्र छोटे सिंह निवासी ग्राम लालपुर थाना फफूंँद के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया। उक्त घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा तत्काल घटना के संबंध में थाना पुलिस द्वारा निरंतर कार्रवाई की जा रही थी।
इसी क्रम में मुखबिर से सूचना मिली कि गत 13 जनवरी को हुई महिला की हत्या से संबंधित वांछित अभियुक्त नई बनी आरटीओ ऑफिस बिल्डिंग ककोर मुख्यालय के अंदर मौजूद है। पुलिस टीम द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक घेराबंदी करते हुए अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्त से पुलिस द्वारा हत्या के संबंध में पूंछतांछ करने पर अभियुक्त द्वारा बताया गया कि अभियुक्त दलवीर सिंह और मृतका सरिता पत्नी अरविंद कुमार उर्फ लालमन दोहरे निवासी लालपुर थाना फफूंँद से 10 वर्षों से अवैध संबंध थे। मृतका द्वारा अभियुक्त दलवीर से 1 लाख रुपए की मांग की जा रही थी। जिसे देने से वह मना कर रहा था। मृतका ने अभियुक्त दलवीर की चेहरे पर घूंसा मार दिया। आवेश में आकर आरोपित दलवीर के पास पड़ी ईट से प्रहार कर दिया। जिससे सरिता की मृत्यु हो गई। इसके बाद वह शव को वहीं छोड़ कर भाग गया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त आला कत्ल ईट तथा अभियुक्त के रक्त रंजित कपड़े बरामद किए हैं।












