
इस्लामाबाद
पाकिस्तान के बड़बोले गृहमंत्री और प्रधानमंत्री इमरान खान के करीबी शेख रशीद का एक शर्मनाक बयान सोशल मीडिया से लेकर पूरे देश में आलोचना के केंद्र में आ गया है। वेतन बढ़ाने की मांग कर रहे सरकारी कर्मचारियों पर इस्लामाबाद में आंसू गैस की बारिश कराने वाले शेख रशीद ने कहा कि टीयर गैस का टेस्ट करना जरूरी होता है। उन्होंने कहा आंसू गैस बड़े अर्से से खराब हो रही थी, इसलिए उन्होंने इसका इस्तेमाल करवाया।
शेख रशीद ने जनता को धमकाने के अंदाज में कहा कि अभी उन्होंने केवल थोड़ी सी टीयर गैस इस्तेमाल की है। ज्यादा नहीं की है। टीयर गैस का टेस्ट करना भी जरूरी होता है। अभी हमारे पास बहुत बड़ी मात्रा में टीयर गैस बची हुई है। शेख रशीद का यह बयान ऐसे समय पर आया है जब पिछले दिनों वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर सरकारी कर्मचारी भी प्रधानमंत्री इमरान खान का विरोध करने के लिए सड़कों पर उतर गए।
Fired a little tear gas on govt employees to test it: Interior minister Sheikh Rasheed. Govt used expired tear gas and several employees were injured in Islamabad protests.
— Naila Inayat (@nailainayat) February 14, 2021
pic.twitter.com/G4dTTaRWP0
पुलिस ने निहत्थे कर्मचारियों के ऊपर आंसू गैस के गोले दागे
लाठी और बंदूकों के दम पर सबको दबाकर रखने वाली पाकिस्तानी सरकार के इशारे पर पुलिस ने इन निहत्थे कर्मचारियों के ऊपर न केवल आंसू गैस के गोले दागे, बल्कि लाठीचार्ज कर खदेड़ने की कोशिश की। बुधवार को पाकिस्तानी सचिवालय के पास इकट्ठा हुए कई कर्मचारियों को पुलिस ने गिरफ्तार भी किया है। यह प्रदर्शन राजधानी इस्लामाबाद के सचिवालय ब्लॉक, कैबिनेट ब्लॉक और कॉन्स्टिट्यूशन एवेन्यू सहित कई इलाकों में किए गए।
इस्लामाबाद के नैशनल प्रेस क्लब के बाहर भी बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन किया। इसमें बलूचिस्तान और पंजाब में तैनात कर्मचारी भी शामिल थे। बाद में प्रदर्शनकारियों ने संसद भवन की ओर मार्च शुरू किया। जिसके बाद पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागते हुए लाठियां भांजी। कर्मचारियों के इस्लामाबाद की सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने को इमरान सरकार ने देश की सुरक्षा से जोड़ दिया था। सूचना मंत्री शिबली फराज ने कहा कि प्रधानमंत्री इमरान खान रेड जोन की सुरक्षा और कर्मचारियों के आंदोलन पर बहुत चिंतित हैं। उन्होंने दावा किया कि इमरान खान ने संबंधित मंत्रालयों को कर्मचारियों के मुद्दों को तुरंत हल करने का निर्देश दिया है।
पहले भी विवादों में रहे हैं शेख रशीद
अक्सर अपने ऊटपटांग बयानों से चर्चा में रहने वाले पाकिस्तान के मंत्री शेख रशीद ने भारत का नाम लिए बिना कुछ समय पहले परमाणु युद्ध की धमकी दी थी। पाकिस्तान के पास एक-एक पाव और सवा-सवा सौ ग्राम के परमाणु बम होने का बयान दे चुके रशीद ने कहा था कि अब जंग परंपरागत तरीके से नहीं होगी, बल्कि परमाणु युद्ध होगा। एक सवाल के जवाब में शेख रशीद ने कहा कि अब ऐसा युद्ध नहीं होगा कि 4-6 दिन तक टैंक, तोपें चलेंगी जबकि सीधे-सीधे परमाणु जंग होगी।














