
सोनभद्र में सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां जंगली क्षेत्र में बने एक मंदिर का दर्शन करने आई युवती का अपहरण कर गैंगरेप किया गया। युवती अपने मंगेतर के साथ मंदिर के दर्शन करने आई थी। आरोप है कि जब वह दर्शन करके लौट रही थी तो झाड़ियों में छुपे तीन युवकों ने मंगेतर के गले पर कुल्हाड़ी रख बंधक बना लिया। इसके बाद तीनों युवकों ने युवती संग गैंगरेप किया। बीजपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात के बीजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत सिंदूर के टोला धरतीडाड की है।
मंदिर दर्शन के बाद युवती को जंगल में खींच ले गए युवक
पुलिस के अनुसार, थाना बभनी के गांव निवासी व्यक्ति द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उसका होने वाला दामाद और बेटी मोटकी पहाड़ी पर हनुमान जी के दर्शन करने गए थे। पूजा पाठ के बाद जब युगल मंदिर के नीचे आ रहे थे तो वहां पर आरोपी श्याम लाल, मुन्नीलाल और अंगद केवट ने बेटी, दामाद को पकड़ लिया और जान से मारने की धमकी देकर दामाद के गर्दन पर कुल्हाड़ी रखकर बंधक बना लिया। तीनों बदमाश बेटी को पास के जंगल में खींच ले गए। वहां जाकर बारी बारी से सामूहिक दुष्कर्म किया। गौरतलब है कि मंदिर के नीचे जंगली एवं सुनसान एरिया पड़ता है। इसी सुनसान इलाके का फायदा उठाते हुए दुष्कर्म को अंजाम दिया।
अभियुक्तों से पूछताछ जारी है
उधर, मामले की गम्भीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह तथा सीओ रामाशीष यादव मौके पर पहुंच कर घटनास्थल का मुआयना किया। प्रभारी निरीक्षक देवतानन्द सिंह को करवाई के लिए निर्देश दिए। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर पूछताछ जारी है। पुलिस ने एससी, एसटी समेत गैंगरेप का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।










