
घाटमपुर। मुख्य चौराहे पर हो रहे ओवरब्रिज निर्माण में सर्विस लेन का देरी से बनाना और हाईवे पर दिनभर धूल के गुबार का उड़ने के चलते घाटमपुर एसडीएम ने पीएनसी कंपनी को नोटिस भेजकर पांच तारीख तक कोर्ट में पेश होने को कहा है। नोटिस में पीएनसी के प्रोजेक्ट मैनेजर को चौराहे पर उड़ने वाली धूल व रोजना लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए आदेशित किया है।
व्यापारियों के द्वारा लगातार डीएम, व एसडीएम से शिकायत कर पीएनसी कंपनी के द्वारा ओवरब्रिज निर्माण कार्य में अनियमिता बताई जा रही थी। बताया कि पीएनसी की लापरवाही के चलते कानपुर- सागर राष्ट्रीय राज्यमार्ग पर स्थित घाटमपुर चौराहे पर दिनभर धूल का गुबार उड़ता रहता है। वही सर्विस लेन का सकरा होने के चलते यहां से निकलने वाले राहगीरों को जाम की समस्या से जूझना पड़ता है। बताया कि कंपनी द्वारा नियमों को दरकिनार कर यहां ओवरब्रिज निर्माण कराया जा रहा है।
घाटमपुर एसडीएम आयुष चौधरी ने बताया कि पीएनसी कंपनी के लापरवाही के चलते यहां हादसे होते है। वही यहां से निकलने वाले लोगों को चौराहे पर लगने वाले जाम की समस्या से जूझना पड़ता है। बताया कि पीएनसी कंपनी इन समस्याओं को निस्तारित करे नहीं तो पांच अप्रैल तक एसडीएम कोर्ट में खुद या अपने वकील के साथ आकर कारण बताएं।











