जन कल्याण शिविर में एडीएम ने सुनीं समस्याएं, कराया समाधान

इमरान हुसैन
रामपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा जारी किए गए निर्देशों के अनुसार जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मादड़ के नेतृत्व में जिले में जन कल्याण शिविरों के माध्यम से आमजन की शिकायतों को चिन्हित करके उनका समाधान कराया जा रहा है। नगर पालिका परिषद रामपुर के अंतर्गत बापू माल परिसर में आयोजित जन कल्याण शिविर में राशन, विद्युत आपूर्ति, पेंशन और साफ सफाई से जुड़ी 25 शिकायतें पत्र प्राप्त हुई। अपर जिलाधिकारी शासन लालता प्रसाद शाक्य ने जन कल्याण शिविर में पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनी और मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान कराना सुनिश्चित करें। शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी एसडीएम के नेतृत्व में जन कल्याण शिविरों का आयोजन कराया जा रहा है। इन सभी शिविरों का मुख्य उद्देश्य यही है कि आमजन की सभी प्रकार की समस्याओं का उनके गांव एवं वार्ड में जाकर चिन्हीकरण किया जाए तथा समाधान कराते हुए उन्हें बेहतर सुविधाएं मुहैया कराई जा सके।
इस दौरान जिला पूर्ति अधिकारी अभिषेक कुरील, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका विवेकानंद सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं...