
कानपुर। आशा ज्योति केंद्र में महिला की आत्महत्या का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। नवाबगंज पुलिस इस मामले में फंसती जा रही है। कारोबारी रमन नेमानी भी पुलिस के जाल में फंस गए हैैं। सुदामा की मौैत के मामले में उच्च स्तरीय जांच शुरू हो गई है। बुधवार को महिला कल्याण एवं बाल विकास पुष्टाहार राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने आशा ज्योति केंद्र का निरीक्षण किया। राज्य महिला आयोग की सदस्य पूनम कपूर व रंजना शुक्ला भी उनके साथ थी। वन स्टॉप सेंटर में मौजूद डीपीओ,प्रभारी राबिया सिद्दीकी और मौजूद दूसरी कर्मचारियों से बात की। जहां कर्मचारी माया वर्मा ने उन्हें बताया कि नवाबगंज थाने के सब इंस्पेक्टर महिला सिपाही को भी साथ नहीं लाए थे। पीआरडी टीम के दो सिपाही दारोगा के साथ थे बल्कि जब उसने महिला को अंदर रखने से मना किया तो दारोगा ने दबाव बनाया। महिला कल्याण एवं बाल विकास पुष्टाहार राज्य मंत्री ने इस दौरान मीडिया से बातचीत में कहा कि,इस मामले में जो भी पुलिसकर्मी दोषी पाए जाएंगे उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। साथ ही एसीपी स्वरूप नगर की शिथिलता की भी जांच कराई जाएगी। उन्होंने कमिश्नरेट पुलिस की कार्यशैली पर भी नाराजगी जताई।
नवाबगंज पुलिस ने सभी नियम कानून ताक पर रखे
राज्य महिला आयोग की सदस्य पूनम कपूर ने बताया कि नवाबगंज पुलिस ने इस मामले में सभी नियम कानून ताक पर रख दिए। चोरी की आरोपित एक किशोरी थी और उसकी मां को भी पूछताछ के लिए लाया गया। मगर, पुलिस ने कार्रवाई में किसी महिला पुलिस अधिकारी को शामिल नहीं किया। उन्होंने बताया कि,आशा ज्योति केंद्र में पाक्सो एक्ट और अपने घर से भटक गई या मुसीबत में फंसी महिलाओं, युवतियों या किशोरियों को ही रखा जाता है। आपराधिक मामलों में पकड़े जाने वालों को यहां रखने का कोई प्रावधान नहीं है।
कारोबारी के खिलाफ भी होगा केस दर्ज, सीएम को सौंपेंगी रिपोर्ट
नाबालिग बच्ची को काम पर रखने और उसके बाद उस पर चोरी का आरोप लगाने के मामले में केस दर्ज किया जाएगा महिला कल्याण एवं बाल विकास पुष्टाहार राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने बताया कि इस बात की जांच भी कराई जाएगी कि 17 अप्रैल के बाद चोरी की रिपोर्ट क्यों दर्ज नहीं की गई. इसमें किसकी गलती है. इसी दौरान पूरे मामले की जांच कर रहीं एसीएम 6 वान्या सिंह भी वन स्टॉप सेंटर पहुंच गईं। उन्होंने एसीएम से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने के आदेश दिए साथ ही कहा कि वे पूरे मामले की रिपोर्ट सीएम को सौंपेंगी।










