
भास्कर ब्यूरो
बिंदकी/फतेहपुर। कोतवाली बिंदकी पुलिस ने लगभग तीन करोड़ साठ लाख रुपए अंतर्राष्ट्रीय कीमत की भगवान महावीर स्वामी की मूर्ति बरामद कर एक युवक को गिरफ्तार किया है।
बता दें कि बिंदकी पुलिस के वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजेश कुमार ने ग्राम दरवेशाबाद में छापा मारकर भगवान महावीर स्वामी की चोरी की गई मूर्ति बरामद की है और नकुल पुत्र स्वर्गीय श्यामू 20 वर्ष निवासी ग्राम दरवेशाबाद थाना बिंदकी जनपद फतेहपुर को गिरफ्तार किया है। मूर्ति का वजन 3 किलो 640 ग्राम बताया जा रहा है। जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग तीन करोड़ साठ लाख रुपए आंकी गई है।
पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ धारा 41 सीआरपीसी व धारा 411, 411, 414 आईपीसी के तहत मुकदमा पंजीकृत किया है। ज्ञात हो कि रविवार को दरवेशाबाद के एक तालाब में मछली पकड़ने गए एक युवक को यह मूर्ति दिखी थी पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद पाया कि यह मूर्ति चोरी कर लाई गई है। पकड़े गए अभियुक्त ने भी इस मूर्ति को चोरी कर लाये जाने की बात कबूल की है।










