यूक्रेन और रूस के बीच जंग जारी : पुतिन की सेना ने फिर किया खारकीव पर कब्जे का दावा

मॉस्को (ईएमएस)। यूक्रेन और रूस के बीच जारी जंग में शह और मात का खेल जारी है। एक माह पहले ही यूक्रेन की सेना ने रूस को खारकीव से खदेड़ कर इस रूसी सेना की हार के तौर पर प्रचारित किया गया था। अब रुसी सेना ने फिर से आक्रामक हमले कर रही है, और पुतिन की सेना ने खारकीव पर कब्जे का दावा किया है। मंगलवार को रूस की सेना ने दावा किया कि उसने खारकीव पर कब्जा जमा लिया है। रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा, ‘रूसी सेना की यूनिट्स ने आक्रामक अभियान के तहत खारकीव के गोरोबिवका पर कब्जा कर लिया है।’ यह वहीं इलाका है, जहां से रूसी सेना को पीछे हटना पड़ा था।


इस बीच यूक्रेन की ओर से दावा किया गया है, कि रूसी मिसाइल अटैक में दो नागरिकों की मौत हुई है। रूस ने एक पावर स्टेशन को निशाना बनाते हुए मिसाइल दागी थी, जिसमें दो लोग मारे गए हैं। यूक्रेनी अथॉरिटीज का कहना है कि हमले के चलते विस्फोट, आग और बिजली गुल होने जैसी घटनाएं हुई हैं। मिसाइल दागे जाने के बाद पावर स्टेशन के पास गहरा काला धुंआ उठता देखा गया। इसकारण कई इलाकों में बत्ती तक गुल हो गई थी, लेकिन बाद में सप्लाई बहाल कर दी गई। कीव के प्रशासन का कहना है कि हमले में दो लोग मारे गए हैं और एक बुरी तरह से जख्मी हुआ है।


वोलोदिमीर जेलेंस्की ने रूसी हमले पर कहा, यूक्रेन पर आक्रमणकारियों के अत्याचार जारी हैं। वह अपनी ओर से नागरिकों को डराने और मारने के भरकस प्रयास कर रहे हैं।’ उन्होंने कहा कि रूसी हवाई हमलों में यूक्रेन के 30 फीसदी पावर स्टेशनों को बर्बाद किया है। 10 अक्टूबर के बाद से ही रूस आक्रामक है। स्थानीय अधिकारियों ने कहा कि मंगलवार के हमलों में रूस की सेना ने खारकीव में बिजली सप्लाई करने वाले प्रतिष्ठानों को ही निशाना बनाया। उत्तरी शहर झितोमिर में बिजली और पानी की सप्लाई प्रभावित हुई है।
अपनी रणनीति बदलते हुए रूस ने ड्रोन के जरिए भी कीव और उसके आसपास के शहरों में तेज हमले किए हैं। ईरानी ड्रोन के जरिए ये हमले किए जा रहे हैं, जिन्हें सुसाइड ड्रोन के तौर पर ख्याति प्राप्त है। ये ड्रोन 2,000 किलोमीटर तक सफर कर टारगेट के पास जाकर फट जाते हैं। इनमें 80 किलो तक विस्फोटक भरा होता है। इसके चलते इमारतें ध्वस्त होगी हैं। इन हमलों से यूक्रेन में बड़ा नुकसान हो रहा है और रूस को अपनी ताकत भी ज्यादा इस्तेमाल नहीं करनी पड़ रही।

खबरें और भी हैं...