
भास्कर समाचार सेवा
साहिबाबाद। थाना टीला मोड़ क्षेत्र के लोनी रोड पर एक ढावे में खाना खाने गए दो पक्षों के बीच कार पार्किंग को लेकर के विवाद हो गया। इस विवाद में एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के एक युवक के सिर में ईटों से हमला कर बुरी तरह से घायल कर दिया। जिसकी अस्पताल में मौत हो गई। मृतक युवक दिल्ली पुलिस के सेवानिवृत्त एसआई का बेटा था। पुलिस अभी आरोपियों की पहचान नहीं कर सकी है।

एसपी सिटी नगर द्वितीय ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि मंगलवार की रात 9 बजे के करीब हॉब्स किचन के सामने बिहारी होटल है। जहां दोनों पक्ष कार से खाना खाने पहुंचे थे। एक पक्ष की कार इस तरह से खड़ी हुई थी जिसे दूसरे पक्ष की ड्राइविंग सीट की खिड़की नहीं खुल सकी। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। इस विवाद में एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के युवक के ऊपर ईटों से हमला कर दिया और उसे लहूलुहान कर सड़क पर मरणासन्न अवस्था में छोड़ गए। सूचना पर युवक के परिवार वाले घायल को ज़ी टीवी अस्पताल दिल्ली ले गए जहां उसे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अरुण उर्फ वरुण(35) दिल्ली पुलिस से सेवानिवृत्त एसआई कंवरपाल सिंह का बेटा है और पास के गांव जावली का रहने वाला था। पुलिस ने इस मामले में मृतक के परिवारों की शिकायत के आधार पर हत्या की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। लेकिन अभी तक आरोपियों का पता नहीं चल सका है।














