
विवाद में शामिल कार बरामद कराते समय आरोपी ने दरोगा की पिस्टल छीन कर किया जानलेवा हमला, मुठभेड़ के दौरान आरोपी के दाहिने पैर में लगी गोली, धर दबोचा
भास्कर समाचार सेवा
साहिबाबाद। थाना टीला मोड़ क्षेत्र अंतर्गत एक ढाबे के सामने पार्किंग के विवाद के दौरान दिल्ली पुलिस के रिटायर्ड दरोगा के
बॉडी बिल्डर बेटे करीब 35 वर्षीय को सिर पर ईंटों से वार कर उसकी हत्या करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस जिस गाड़ी की पार्किंग को लेकर विवाद हुआ था। आरोपी के साथ उस गाड़ी को बरामद करने पहुंची तो आरोपी ने दरोगा की सर्विस पिस्टल छीन कर पुलिस पर ही फायरिंग शुरू कर दी। उधर पुलिस की तरफ से भी हुई जवाबी कार्रवाई के दौरान आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी और उसे धर दबोचा गया।

आपको बता दें कि बीते मंगलवार की रात थाना टीला मोड़ क्षेत्र अंतर्गत आने वाले लोनी रोड स्थित बिहारी ढाबे के सामने दिल्ली पुलिस के रिटायर्ड दरोगा कंवरपाल के बॉडी बिल्डर बेटे अरुण उर्फ वरुण करीब 35 वर्षीय के साथ कुछ लोगों का पार्किंग को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान कुछ लोगों ने वरुण के सिर पर ईंटों से वार कर उसकी हत्या कर दी थी। इस घटना को अंजाम देने वाले मुख्य आरोपी की पहचान चिरंजीव शर्मा उर्फ कल्लू पंडित पुत्र बृजमोहन शर्मा निवासी ग्राम राजपुर के रूप में हुई तो आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमों का विशेष गठन किया गया था।

वीरवार देर रात थाना साहिबाबाद इलाके की करण गेट पुलिस चौकी के पास पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी चिरंजीव शर्मा उर्फ कल्लू पंडित को गिरफ्तार कर लिया और उससे उसके अन्य साथियों एवं उस गाड़ी के बारे में भी जानकारी की गई जिस गाड़ी की पार्किंग को लेकर विवाद हुआ था। आरोपी पूरी घटना के बारे में जानकारी देते हुए उस गाड़ी को बरामद कराने के लिए अपने गांव पहुंचा। जैसे ही पुलिस ने गाड़ी को अपने कब्जे में लिया तो इसी दौरान आरोपी गाड़ी बरामद करने गए सुभाष दरोगा की सर्विस पिस्टल छीन कर पुलिस पर ही फायरिंग करते हुए भागने लगा। उधर आत्मरक्षा के उद्देश्य से पुलिस की तरफ से भी चलाई गई गोली आरोपी के दाहिने पैर में लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी अपराधिक किस्म का व्यक्ति बताया जा रहा है। जिसके ऊपर अन्य थानों में भी पहले से ही कई मुकदमे चल रहे हैं।













