
भास्कर समाचार सेवा
हाथरस/सिकंदराराव। बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में सोमवार को निपुण असिस्टमेन्ट टेस्ट (NAT) की परीक्षा सम्पन्न करायी गयी। इस परीक्षा को लेकर बेसिक शिक्षा विभाग काफी पहले से तैयारियों में जुटा हुआ था। जिसको लेकर सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए गये थे। परीक्षा को व्यवस्थित रूप से सम्पन्न कराने के लिए अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गयी थी और ग्राम पंचायत स्तर पर टीम बनाकर निरीक्षण की जिम्मेदारी सौंपी गयी। परीक्षा के सकुशल संचालन हेतु प्रत्येक विद्यालय पर पर्वेक्षक की भी तैनाती की गयी। इसी क्रम में संविलियन विद्यालय कपसिया पर प्रभारी प्रधानाध्यापक जितेन्द्र कुमार व पर्वेक्षक तेजवीर सिंह की देखरेख में सकुशल परीक्षा सम्पन्न करायी गयी। इस अवसर पर शिक्षक रूपेन्द्र सिंह छोंकर, शिक्षामित्र संदीप कुमार व पुष्पा देवी मौजूद रहे। इस परीक्षा को लेकर यहां छात्र छात्राएं भी उत्साहित दिखे। इसके साथ ही पूर्व माध्यमिक विद्यालय नगरिया में कुल पंजीकृत 47 छात्र/छात्राओं के सापेक्ष 45 छात्र/छात्राओं ने परीक्षा दी। यहां पर्वेक्षक के रूप में धर्मेंद्र कुमार त्यागी एवं हेडमास्टर नीलम शर्मा उपस्थित रहे।













