
भास्कर समाचार सेवा
अफजलगढ़। पारिवारिक कलह के कारण दो सप्ताह पूर्व लापता व्यक्ति को पुलिस ने बढ़ापुर के जंगलों से सकुशल बरामद किया। अफजलगढ क्षेत्र के ग्राम हिदायतपुर चोहड़वाला निवासी सुनील कुमार (38 वर्ष) पुत्र छोटे सिंह दो सप्ताह पूर्व पारिवारिक कलह के कारण परिजनों को बिना बताए घर से लापता हो गया था। लगभग एक सप्ताह पूर्व गांव से बाहर तालाब में मिले एक सड़े गले शव को लेकर भी परिजनों की शक की सुई घूमी थी परंतु पहचान ना होने का कारण परिजनों ने पुलिस में तहरीर देकर तलाश करने में कोई कसर नहीं छोड़ी थी। सूत्रों से ज्ञात हुआ है कि उक्त व्यक्ति कर्ज में डूबा होने के कारण घर से लापता हुआ था।
तेज़ तर्रार एसएसआई आशीष तोमर लगातार लापता व्यक्ति के मोबाइल नंबर को ट्रेस कर रहे थे ।मोबाइल बंद आने के कारण लोकेशन का पता नहीं लग पा रहा था। सोमवार की प्रातः पुलिस द्वारा लापता व्यक्ति के मोबाइल की एमआईएम नम्बर से बढ़ापुर क्षेत्र के जंगल स्थित एक पंजाबी किसान के डेरे पर लोकेशन ट्रेस हो जाने के कारण पुलिस ने लापता व्यक्ति को बरामद कर लिया ।व्यक्ति को बरामद करने वाली पुलिस टीम में विवेकानंद ,चौकी प्रभारी एसएसआई तोमर, कांस्टेबल नितिन कुमार, कांस्टेबल प्रशांत कुमार मौजूद थे।
व्यक्ति के सकुशल बरामद हो जाने से यहां परिजनों में एक ओर हर्ष व्याप्त है वहीं उन्होंने स्थानीय पुलिस की मुक्त कंठ से से प्रशंसा भी की है।













