
शिमला, (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश की सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार में मंत्रिमंडल गठन से पहले विभागों का बंटवारा हो गया । मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पांच महत्वपूर्ण विभाग अपने पास रखे हैं। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री को तीन विभाग दिए गए हैं। मंगलवार देररात मुख्य सचिव आरडी धीमान ने इस आशय की अधिसूचना जारी की।
अधिसूचना के मुताबिक मुख्यमंत्री के पास वित्त, गृह, योजना, कार्मिक और सामान्य प्रशासन जैसे अहम विभाग रहेंगे। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री को जलशक्ति, परिवहन और भाषा, कला एवं संस्कृति विभाग आवंटित किए गए हैं। जब तक मंत्रियों की नियुक्ति नहीं हो जाती, तब तक अन्य सभी विभागों को मुख्यमंत्री ही सम्भालेंगे।
इस समय कैबिनेट विस्तार पर घमासान मचा हुआ है। मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के शपथ लेने के तीन दिन बाद भी मंत्रियों पर फैसला नहीं हो पाया है। सुखविंदर सिंह सुक्खू (58) ने 11 दिसंबर को शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर राज्य के 15वें मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी, जबकि मुकेश अग्निहोत्री (60) ने उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। प्रदेश कैबिनेट में अधिकतम 10 मंत्री बन सकते हैं। सूक्खू कह चुके हैं कि कांग्रेस आलाकमान से चर्चा के बाद कैबिनेट का गठन किया जाएगा।














