आवारा पशुओं के आतंक से किसान हलकान, कमिश्नरी कूच का निर्णय

भारतीय किसान यूनियन की दौराला में हुई आपात बैठक, बनाई रणनीति

भास्कर समाचार सेवा
मेरठ। आवारा पशुओं के आतंक से परेशान ग्रामीणों एवं किसानों की समस्याओं को लेकर मंगलवार को एक आपात बैठक का आयोजन दौराला स्थित लव भराला के आवास पर किया गया। जिसमें ज़िले भर से जुटे कार्यकर्ताओं ने समस्याओं के निस्तारण न होने पर 6 जनवरी को आवारा पशुओं के साथ कमिश्नरी कूच का निर्णय लिया।

ग़ौरतलब है कि आवारा गोवंश फसलों के साथ-साथ अब लोगों की जान के दुश्मन भी बन गए हैं। आवाज़ उठाने पर पीड़ितों के ख़िलाफ़ ही मुक़दमे दर्ज किए जा रहे है, जिसको लेकर ज़िले भर में भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं में रोष है। इसी को लेकर बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें महासचिव मनोज त्यागी ने कहा, बेसहारा पशु किसानों के लिए मौत का पर्याय बन गए हैं। सप्ताह भर के अंदर आघा दर्जन लोगों को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा है। उन्होंने बताया, रोहटा ब्लॉक क्षेत्र के झिंझोखर में दो, मीरपुर में एक व लावड़ में एक ग्रामीण की मौत हो चुकी है। दौराला में भी एक महिला की मौत हुई है, लेकिन प्रशासन किसानों की समस्याओं की ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है।

दौराला पुल के नीचे पशुओं को किया जाएगा इकट्ठा
उन्होंने कहा, खेत खलिहान से लेकर सड़क तक आवारा पशुओं का आतंक चरम पर है लेकिन, प्रशासन की नींद नहीं टूट रहीं हैं। बैठक के दौरान वक्ताओं ने आगामी 5 जनवरी को दौराला पुल के नीचे आवारा पशुओं को इकट्ठा करने का भी आह्वान किया है, जिसके पश्चात सभी आवारा पशुओं के साथ भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ता 6 जनवरी को कमिश्नरी की ओर कूच करेंगे।

बैठक में ये पदाधिकारी रहें मौजूद
बैठक के दौरान संगठन मंत्री राजकुमार करनावल, ज़िला महासचिव मिन्टू अहलावत, मंडल उपाध्यक्ष रविंद्र दौरालिया, आकाश सिरोही, प्रशांत सकोती, उपेन्द्र भराला, अजय दबथुवा, जगसोरन मास्टर, अमित जाखड आदि शामिल रहें।

खबरें और भी हैं...