नकली नोट छापने का भंडाफोड़, मास्टरमाइंड सहित पांच गिरफ्तार

भास्कर समाचार सेवा

शिकोहाबाद। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद में नकली नोट छापने के गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ कर दिया है। पुलिस ने नकली नोट छापने के गिरोह के मास्टरमाइंड सहित पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से पुलिस ने 2 लाख 97 हजार रुपए के नकली नोट बरामद किए हैं, साथ ही नकली नोट छापने के उपकरण और कुछ अधछपे नोट भी बरामद किए हैं। मिली जानकारी के अनुसार इन नकली नोटों को आस पास के जिलों में खपत किया करते थे।
थाना शिकोहाबाद पुलिस ने अलग – अलग थाना क्षेत्रों से अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 25 हजार के इनामी मास्टरमाइंड तजेन्द्र गैंग के सरगना तजेन्द्र उर्फ काका पुत्र हरभजन सिंह निवासी गुरुद्वारा सिंह साहब ब्लाक 9 मोतीनगर नई दिल्ली समेत पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया। जानकारी देते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी एवं एसपी ग्रामीण रणविजय सिंह ने बताया कि पकड़े गए अन्य आरोपियों ने अपने नाम नारायण दत्त पुत्र त्रिमन सिंह निवासी गांव तबालपुर थाना ढोलना जिला कासगंज, विक्रम सिंह जादौन पुत्र स्व श्रीपाल सिंह निवासी जवाहरपुर थाना रजावली जिला फिरोजाबाद, विकास उर्फ विक्की बाक्सर पुत्र मुन्ना लाल निवासी सरस्वती नगर थाना टूंडला, रंजीत पुत्र सुरेश निवासी खटीक टौला थाना बाह आगरा हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी ने बताया कि इनके पास से दो लाख 97 हजार के नकली नोट के अलावा अन्य उपकरण भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों को जेल भेज दिया है। वहीं अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

खबरें और भी हैं...