
मामला दो संप्रदाय से जुड़ा होने के कारण मौके पर पहुंची पुलिस
भास्कर समाचार सेवा
मेरठ।दौराला कस्बा दौराला के लोहिया गांव में शुक्रवार की रात बाइक टकराने को लेकर एक युवक ने महिला के साथ अभद्रता करते हुए उसके पति के साथ मारपीट कर दी। मामले की जानकारी मिलने पर दोनों पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए। आनन-फानन में थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत कराया।
लोहिया निवासी अमित बाइक पर सवार होकर अपनी पत्नी दीपा, 3 वर्षीय बच्ची को दवाई दिलाने गया था। वापस लोटने के दौरान लोहिया मार्ग पर गांव निवासी आमिर ने बाइक में टक्कर मार दी। आरोप है कि टक्कर मारने के बाद आरोपी ने बाइक सवार महिला के साथ अभद्रता करते हुए गाली-गलौज की और गांव की ओर भाग गया। गांव पहुंचने पर आरोपी ने अमित के साथ मारपीट कर दी। सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस के सामने ही आरोपी ने गाली गलौज करते हुए हंगामा किया।
दोनों पक्षों को पुलिस ने कराया शांत
मामला दो संप्रदाय का होने के चलते पहुंची दौराला पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया। पुलिस ने जमा भीड़ को उनके घर भेज शांति व्यवस्था बनाई। फिलहाल गांव में तनावपूर्ण शांति व्याप्त है।
यह कहना हैं इंस्पेक्टर का
इंस्पेक्टर दौराला रामाकांत पचौरी ने बताया कि तहरीर आने पर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी भी सूरत में गांव का माहौल बिगाड़ने का प्रयास करने वाले लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।












