
मीट व्यापार नियमों का पालन न किया तो दुकानों को सील कर एफआईआर दर्ज होगी
सहारनपुर। नगर निगम ने आज बिना लाइसेंस कारोबार करने वाले मीट कारोबारियों पर छापे मारे। दिल्ली रोड पर कार्रवाई करते हुए चार मीट दुकानदारों के चालान किये गये और उनसे साढे़ ग्यारह हजार रुपये जुर्माना वसूला गया।
नगरायुक्त के निर्देश पर आज पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ.संदीप मिश्रा के नेतृत्व में शुक्रवार को दिल्ली रोड पर मीट कारोबारियों पर छापे मारे गए और उनके लाइसेंस की जांच की गयी। चार मीट व्यापारी बिना लाइसेंस कारोबार करते पाये गए। डॉ.संदीप मिश्रा ने बताया कि बिना लाइसेंस का कारोबार करने वाले दुकानदारों को नोटिस जारी करते हुए व्यवसायिक लाइसेंस बनवाने के लिए निर्देश दिए गए है। निगम द्वारा चेतावनी दी गयी कि यदि उनके द्वारा मीट व्यापार नियमों का पालन नहीं किया गया तो दुकानों को सील कर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करायी जायेगी।
उन्होंने बताया कि उक्त चार दुकानदारों से 11 हजार 500 रुपये का जुर्माना वसूल किया गया। दुकानदारों को साफ-सफाई के भी निर्देश देने के साथ ही यह चेतावनी दी गयी कि यदि उनके द्वारा दुकानों पर हरा-नीला डस्टबिन रखकर साफ सफाई नहीं रखी गयी तो उसके लिए भारी जुर्माना लगाया जायेगा। कार्रवाई के दौरान प्रवर्तन दल के प्यार सिंह, शिवकुमार के अलावा आलोक सैनी आदि मौजूद रहे।












