
किसानों को दिलाया प्रतिकर देने का भरोसा, शासन से दिशा-निर्देश मिलने का इंतजार
भास्कर समाचार सेवा
मेरठ। मेरठ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अभिषेक पांडे के साथ बड़ी संख्या में किसानों तथा महिलाओं ने प्रतिकर की मांग को लेकर प्राधिकरण सभागार में वार्ता की। घंटों चली वार्ता में एमडीए वीसी ने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा, शासन से दिशा निर्देश मिलते ही प्रतिकर के बदले नगद धनराशि के चेक अथवा प्लाट देने की प्रक्रिया को शुरू कर दिया जाएगा।
लोहिया नगर, गंगानगर, वेदव्यासपुरी संघर्ष समिति के बैनर तले किसान प्राधिकरण परिसर पहुंच गए। इस वार्ता के लिए किसानों ने एमडीए वीसी से करीब 10 दिन पूर्व समय लिया था। संतोषजनक, सकारात्मक रूप से चली इस बैठक में किसान नेताओं ने उपाध्यक्ष से कहा, योजनाओं में किसानों को प्रतिकर के बदले दिए जाने वाले प्लॉट को आवंटन नहीं किया जाए। इस पर एमडीए वीसी ने भी अपनी सहमति जताई। इस वार्ता में एमडीए वीसी ने किसानों की अन्य समस्याओं को भी सुना और उनका निराकरण कराने का भरोसा दिलाया।
आश्वासन मिलने पर किसान हुए खुश
एमडीए वीसी ने किसानों को विश्वास में लेते हुए कहा, वह इस संबंध में प्राधिकरण के अधिकारियों से भी वार्ता करेंगे। प्राधिकरण उपाध्यक्ष के आश्वासन मिलने पर किसानों में खुशी की लहर दौड़ गई और उपाध्यक्ष के व्यवहार तथा आश्वासन से खुश होकर किसान गदगद होकर घर वापस लौट गए।
यह किसान रहे मौजूद
प्रतिकर की मांग को लेकर वार्ता करने वालों में पूर्व पार्षद सुरेंद्र भड़ाना, विनोद कुमार चेयरमैन, पॉपीन प्रधान, अनिल चौधरी, मंगत सिंह, पप्पू प्रधान, चौधरी सतपाल सिंह, जसवीर सिंह प्रधान सहित बड़ी संख्या में किसान तथा महिलाएं मौजूद रही।












