अतीक और अशरफ की हत्या की जांच के लिए प्रयागराज कमिश्नर ने तीन सदस्यीय SIT की गठित, पढ़ें खबर से जुड़े अपडेट्स

अतीक अहमद और अशरफ की हत्या की जांच के लिए प्रयागराज कमिश्नर रमित शर्मा ने तीन सदस्यीय SIT गठित की है। इसमें प्रयागराज के ADCP क्राइम, ACP और प्रभारी निरीक्षक को शामिल किया गया है।


उधर, प्रयागराज पुलिस अतीक-अशरफ के तीन हत्यारों को आज कोर्ट में पेश करेगी। पुलिस इनकी रिमांड की मांग कर सकती है। इस बीच अतीक-अशरफ की पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आ रही है। न्यूज एजेंसी ने सूत्रों के हवाले से बताया कि अतीक को 9 और अशरफ को 5 गोलियां लगी थीं। गोलियां सिर-सीने और पेट में मारी गईं। पोस्टमार्टम 3 घंटे तक चला।

अतीक-अशरफ हत्याकांड सुप्रीम कोर्ट पहुंचा
उधर, अतीक-अशरफ की हत्या का मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। Livelaw साइट के मुताबिक, एडवोकेट विशाल तिवारी ने PIL दाखिल की है। इसमें सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जज की निगरानी में जांच कराने की मांग गई है। साथ ही 2017 से UP में अब तक हुए 183 एनकाउंटर की जांच की अपील की गई है। UP सरकार ने रविवार को ही इस मामले की जांच के लिए 3 सदस्यीय न्यायिक आयोग गठन किया है।

प्रयागराज में अतीक-अशरफ को रविवार रात 8.30 बजे कसारी-मसारी स्थित कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। दोनों के जनाजे में महज 100 लोग शामिल हुए। अतीक को बेटे असद से महज 5 कदम की दूरी पर दफन किया गया। अतीक को मिट्‌टी देने उसके दोनों नाबालिग बेटे भी आए, जो बाल सुधार गृह में बंद हैं। अशरफ को मिट्‌टी देने उनकी दोनों बेटियां आईं थीं। अंतिम संस्कार में आधार कार्ड देखकर एंट्री दी गई। इसमें ऐसे ही लोगों को एंट्री मिली, जो परिवार के थे। इससे पहले पोस्टमॉर्टम हाउस से दोनों के शव को लेने बहनोई, ससुर और दो रिश्तेदार पहुंचे थे।

इस खबर से जुड़ी अपडेट्स

  • प्रयागराज में इंटरनेट सर्विस आज यानी 17 अप्रैल को भी बंद रहेगी। इससे पहले रविवार को भी इंटरनेट बंद रहा है।
  • प्रयागराज कमिश्नर रमित शर्मा ने हत्याकांड की जांच के लिए तीन सदस्यीय SIT गठित की है। इसमें प्रयागराज के ADCP क्राइम, ACP और प्रभारी निरीक्षक को शामिल किया गया है।
  • अतीक-अशरफ के 3 शूटर्स को नैनी की हाई सिक्योरिटी सेल में रखा है। इसी जेल में अतीक अहमद का एक बेटा भी बंद है। जेल के अंदर और बाहर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
  • पुलिस आज तीनों शूटर्स को रिमांड पर ले सकती है। पुलिस की रिमांड अर्जी पर सोमवार यानी आज कोर्ट में सुनवाई होगी। रिमांड अर्जी मंजूर होने के बाद पुलिस तीनों शूटर्स से पूछताछ करेगी।

खबरें और भी हैं...