
भास्कर समाचार सेवा
नजीबाबाद। वरिष्ठ समाजसेवी व भाजपा कार्यकर्ता वसीम कुरेशी ने आज अपने समर्थकों के साथ नामांकन पत्र दाखिल किया।
उनके नामांकन पत्र दाखिल करने से नगर की राजनीति में भूचाल आ गया। जहां एक ओर उनके दोस्तों, शुभचिंतकों व समर्थकों ने उनके नामांकन पत्र भरने का स्वागत किया और उनमें हर्ष की लहर दौड़ गई वहीं दूसरी ओर अपनी जीत सुनिश्चित मानने वाले कुछ विरोधियों के चेहरे लटक गए।
उल्लेखनीय है कि वसीम कुरेशी पिछले काफी समय से नजीबाबाद से नगर पालिका परिषद चेयरमैन पद के प्रबल दावेदार के रूप में सक्रिय थे। नगर की गली गली ,मोहल्ले मोहल्ले उन्होंने भाजपा का जबरदस्त प्रचार किया था। आज से पहले शायद ही कोई ऐसा प्रत्याशी रहा होगा जिसने प्रचार पर इतना पैसा खर्च किया हो लेकिन इसके बावजूद पता नहीं क्या कारण रहा जिसकी वजह से उनका टिकट कट गया। टिकट कटने की जानकारी मिलने से उनके समर्थकों में चिंता की लहर व्याप्त हो गई। वसीम कुरेशी के समर्थकों ने उन पर निर्दलीय लड़ने का दबाव बनाया। वसीम कुरेशी ने अपने समर्थकों का सम्मान रखते हुए निर्दलीय रूप में पर्चा भरा।
उल्लेखनीय है कि नजीबाबाद नगर पालिका में आज तक कोई भी भाजपा का प्रत्याशी भाजपा का परचम नहीं फहरा सका है। नगर में चर्चा थी कि वसीम कुरेशी को भाजपा का टिकट मिलता है तो वह नजीबाबाद की सीट आसानी से भाजपा की झोली में डाल देंगे। उसके पीछे लोगों के तर्क भी थे कि उनकी हिंदू, मुस्लिम के साथ-साथ अन्य जातियों में भी मजबूत पकड़ है। इसके साथ ही वह नगर की सभी जातियों धर्मों के निर्बल लोगों की मदद के लिए तत्पर रहते हैं। कुल मिलाकर अब नजीबाबाद नगर पालिका परिषद का चुनाव दिलचस्प हो गया है।











