कचरे को लेकर हुआ विवाद: पूर्व भाजपा विधायक के रिश्तेदार ने सफाईकर्मियों पर तानी रिवॉल्वर, फिर…

इंदौर (ईएमएस)। मध्यप्रदेश के इंदौर में गीला और सूखा कचरा मिक्स को लेकर एक रहवासी ने निगमकर्मी पर रिवॉल्वर तान दी। रिवॉल्वर देखकर नगर निगम के सफाईकर्मी घबरा गए और मौके से कचरा गाड़ी लेकर भाग खड़े हुए। यह घटना इंदौर के स्कीम नंबर 103 के मंगल विहार कॉलोनी की है। घटना से जुड़ा वीडिओ सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।


मंगल विहार कॉलोनी मेँ देपालपुर से पूर्व भाजपा विधायक मनोज पटेल के रिश्तेदार और पेट्रोल पंप संचालक महेश पटेल के घर कचरा कलेक्शन के लिए नगर निगम की गाड़ी पहुंची थी। नगर निगम के सफाईकर्मी का महेश पटेल की पत्नी से गीला-सूखा कचरा अलग-अलग करने की बात को लेकर विवाद हो गया। इस बीच महेश पटेल वहां रिवाल्वर लेकर पहुंचे और सफाईकर्मी से अपशब्द कहे और रिवॉल्वर निकलकर तान दी। उसके बाद नगर निगम के सफाईकर्मियों को मौके से भागना पड़ा।


इस घटना का वीडियो सामने आने के बावजूद अब तक पुलिस ने इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की और न ही नगर निगम ने शिकायत दर्ज करना जरूरी समझा। चूंकि, रिवॉल्वर दिखाने वाला पूर्व भाजपा विधायक का रिश्तेदार है, इसी के चलते मामले में कोई शिकायत नहीं हुई। दूसरी तरफ पुलिस का कहना है कि वीडियो तो संज्ञान में आया और उसकी तस्दीक करा रहे हैं कि आखिर क्या घटनाक्रम हुआ था।

– कचरे से गरमाई सियासत


उधर, इस मामले को लेकर कांग्रेस भाजपा मेँ सियासत शुरू हो गई है। कांग्रेस इसे खुली गुंडागर्दी करार दी है। कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष शोभा ओझा का कहना है कि महापौर को तुरंत एफआईआर दर्ज करनी चाहिए और सफाईकर्मियों का मनोबल बढ़ाना चाहिए। क्योंकि, इन्ही कर्मचारियों की वजह से इंदौर लगातार छह बार से सफाई में अव्वल है। ऐसे में सफाई कर्मचारियों पर रिवॉल्वर तानना कहीं से भी बर्दाश्त करने योग्य नहीं है। इस पर सख्ती से कार्रवाई होनी चाहिए। महापौर केवल इसलिए चुप न रहें है कि आरोपी बीजेपी नेता का रिश्तेदार है, बल्कि एफआईआर दर्ज कराएं, जिससे कार्रवाई हो सके।


– मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी- महापौर
वहीं इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा है कि मेरे संज्ञान में यह मामला आया है। कचरे के सेग्रीगेशन को लेकर दिनों पक्षों मेँ कहा सुनी हुई थी। इन्हीं सफाईकर्मियों के दम पर इंदौर सफाई में नंबर वन है। यदि किसी भी कारण से उनके साथ दुर्व्यवहार हुआ है तो उनकी शिकायत पर उचित कार्रवाई करेंगे। 

खबरें और भी हैं...