
सीसीटीवी में कैद हुआ वीडियो ग्राहक बनकर दुकान पर पहुँची थी महिला तीन दिन के अंदर राया में दो बड़ी घटनाओं को महिलाओं ने दिया अंजाम
भास्कर समाचार सेवा
राया । रेतिया बाजार स्थित ज्वेलर्स की दुकान से ग्राहक बनकर पहुंची आधा दर्जन महिलाओं ने दुकान के काउंटर में रखा सोने के लॉकेट का बॉक्स पारकर दिया। जिसकी सीसीटीवी फुटेज दुकान में लगी कैमरे में कैद हो गई। चोरी हुए सोने की कीमत करीब 6 लाख रुपये बतायी जा रही है। घटना की जानकारी होते ही पहुंची पुलिस महिलाओं की तलाश में जुट गई है।
राया निवासी पवन अग्रवाल की रेतिया बाजार में प्रिंस ज्वेलर्स के नाम से दुकान है। दुकान खोलने के बाद करीब 11 बजे आधा दर्जन महिलाएं दुकान पर ग्राहक बनकर पहुंची और दुकानदार व दुकान पर कार्य करें लोगों को तोड़िया खरीदने की बात कही। इस दौरान महिलाओं ने मौका पाकर दुकान के काउंटर में रखे सोने के लॉकेट का बॉक्स पार कर दिया। महिलाओं ने दुकान से करीब 1500 रुपए कीमत की चांदी की पायल भी खरीदी और फरार हो गई। कुछ देर बाद ही दुकानदार को बॉक्स चोरी होने की जानकारी मिली। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज चेक किया तो उनके होश उड़ गए। आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई। वही जानकारी होते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सीसीटीवी फुटेज में एक बच्चे के साथ पहुंची आधा दर्जन महिला दुकान में मौजूद थीं। उन्हीं की एक साथी महिला ने घटना को अंजाम दिया। वापस जाते समय महिलाओं की सीसीटीवी फुटेज रेलवे रोड पर स्थित एक कैमरे में भी कैद हुई है। फिलहाल 3 दिन के अंदर महिलाओं द्वारा दो बड़ी घटनाओं को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दी है। पुलिस घटनाओं के खुलासे का दावा कर रही है।














