
नई दिल्ली (हि.स.)। रोहिणी जिले के अमन विहार इलाके में 12वीं की एक छात्रा ने दो विषयों में फेल होने के बाद नाले में कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस का कहना है कि वह एक सुसाइड नोट छोड़कर घर से निकली थी। जिसके बाद वह बीते 12 मई से लापता थी। हालांकि, बच्ची के माता-पिता ने अमन विहार थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी।
पुलिस के अनुसार उसका शव आज 14 मई को एक नाले से बरामद हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। फिलहाल, पुलिस ने सीआरपीसी की धारा 174 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके साथ ही पुलिस आगे की पूछताछ करने में जुट गई है।
वहीं, मृतका के चाचा का कहना है कि इनके 12वीं के रिजल्ट 12 मई को आए थे, जिसमें वह 2 सब्जेक्ट में फेल हो गई थी। इसको लेकर बच्ची के पिता ने भी उनको समझाया बुझाया था कि अगले एक्जाम में अच्छे नंबरों से पास हो जाओगी। इसके बाद वह एक सुसाइड नोट छोड़कर तीन बजे घर से निकली थी।











