ब्राउन शुगर के कारोबारी दंपति को लोगों ने पकड़ा, फिर हुआ जमकर हंगामा

रांची (हि.स.)। हजारीबाग रोड गढ़ा टोली के समीप स्थित युनी हाइट्स कॉम्प्लेक्स में नशा का कारोबारी दंपति अस्मिना उर्फ आसमीन परवीन और उसके पति अय्याज कुरेशी उर्फ बबलू कयामत को गढ़ा टोली के महिला समिति के सदस्यों ने पकड़ कर लोअर बाजार पुलिस को सौंप दिया। इनके पास से पांच ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया गया है। इसे लेकर पुलिस अन्य स्थानों पर छापेमारी कर रही है। मंगलवार को दोनों को जेल भेजा जायेगा। गिरफ्तार महिला पहले भी जेल जा चुकी है। सोमवार को महिला समिति के सदस्य और युनी हाइट्स कॉम्प्लेक्स के संचालक एजाज कुरैसी तथा अन्य लोगों ने दोनों को पकडा। पकड़े जाने के बाद महिला लोगों से झगड़ा करने लगी। महिला समिति के सदस्य उसे पकड़ लिये और उसकी तलाशी ली तो उसके पास से एक माचिस के डिब्बा में ब्राउन शुगर बरामद हुआ। आधा घंटा तक जब पुलिस नहीं पहुंची तो महिला समिति के सदस्यों ने हंगामा किया। बाद में लोअर बाजार थाना के दारोगा विवेक उर्फ विक्की दुबे, मंटू सिंह महिला सिपाही के साथ पहुंचे और अस्मिना उर्फ आसमीन को हिरासत में लिया बाद में उसके पति काे भी गिरफ्तार कर लिया गया। महिला समिति के सदस्यों ने आरोपित को ट्रैप करने के लिए दो छात्र सुंदर हेम्ब्रम तथा आर्दश उरांव को एक हजार रुपये देकर ब्राउन शुगर खरीदने के लिए भेजा था जैसे ही उन युवकों को अस्मिना उर्फ आसमीन परवीन ने ब्राउन शुगर दिया। महिला समिति के सदस्यों ने उसे पकड़ लिया। सूचना मिलने के बाद साइबर डीएसपी यशोधरा, महिला थाना प्रभारी स्नेहलता भी पहुंची। युनी हाइट्स कॉम्प्लेक्स के संचालक एजाज कुरैसी ने बताया कि उन्होंने दो मई को उक्त आरोपितों द्वारा नशा का कारोबार करने के संबंध में नाम के साथ लोअर बाजार में आवेदन भी दिया था।

एसएसपी किशोर कौशल ने बताया कि ब्राउन शुगर के साथ दो लोगों को स्थानीय लोगों के सहयोग से पकड़ा गया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि रांची के किसी भी क्षेत्र में नशा का कारोबार हो रहा है, तो उसकी सूचना पुलिस को दें। कुछ लोग बार-बार पकड़े जाने और जेल जाने के बावजूद छुटने पर फिर यही कारोबार करते हैं उनके खिलाफ सीसीए की कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं...