
दैनिक भास्कर ब्यूरो
पीलीभीत। बिलसंडा क्षेत्र पंचायत की बैठक में जल निगम विभाग के खिलाफ प्रधानों ने जोरदार हंगामा किया, प्रधान संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष सचिन गंगवार ने बैठक में कहा कि ग्राम पंचायतों में जल जीवन मिशन द्वारा ठेकेदारों ने गाँव की सड़कों को खोदकर डाल दिया है जबकि अब बरसात आने वाली है, गाँव की सड़कें सब खुदी पड़ी हुई है, प्रधानों का कहना है कि अगर पूरी ग्राम पंचायत का पैसा भी गाँव की सड़कों में लगा दे फिर भी यह खराब पड़ी सड़कें ठीक नहीं हो पाएगी। ब्लॉक प्रमुख के प्रतिनिधि भाजपा नेता महीप सिंह चंदेल ने बैठक में मौजूद जल निगम के एक कर्मचारी की जमकर फटकार लगाई।
ब्लाक के अटल सभगार में क्षेत्र पंचायत की बैठक ब्लाक प्रमुख गीता देवी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में खंड विकास अधिकारी सुनील कुमार जायसवाल ने आवास, गौशाला एंव कई अन्य विकास योजनाओं पर भी चर्चा की। महिला जन प्रतिनिधियों की बैठक में संख्या कम होने का भी मुद्दा छाया रहा, जहां सरकार महिलाओं को आरक्षण देकर आगे बढ़ाने की बात कर रही है, वहीं ब्लॉक सभगार में हुई क्षेत्र की बैठक में महिलाओं की संख्या बहुत ही कम दिखाई दी, जबकि ब्लॉक में ग्राम प्रधान, बीडीसी एवं जिला पंचायत सहित सैकड़ों महिलाएं जनप्रतिनिधि चुनी गई है। प्रमुख प्रतिनिधि भाजपा नेता महीम सिंह ने बैठक में मौजूद सभी लोगों से यह अपील भी की, आगे होने वाली बैठकों में सभी लोग महिला जनप्रतिनिधियों को साथ में लाएं।
बैठक में यह सीएचसी अधीक्षक डा. मनीष राज शर्मा ने जननी सुरक्षा योजना, आयुष्मान योजना व कई अन्य स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाई जा रहीं योजनाओं के बारे एवं पशु चिकित्सा अधिकारी डा. जगदेव सिंह ने पशु विभाग द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के बारे में जानकारी दी, उन्होंने बताया कि इस समय बकरी पालन योजना चल रही है। एडीओ आईएसबी पंकज शर्मा ने समूह के बारे में जानकारी दी। खंड शिक्षा अधिकारी राजेश चतुर्वेदी ने कहा जिन बच्चों के अभिभावको के आधार कार्ड खाते से लिंक नहीं है वह सब बैंक जाकर अपने खाते से आधार कार्ड लिंक करा लें और ड्रेस के पैसे खातों में ही दिए जा रहे है।










