
औरैया। अजीतमल नगर पंचाय प्रशासन द्वारा दो वर्ष पूर्व नगर में कई वाटर कूलर लगवाये थे। लेकिन विगत एक साल से यह वाटर कूलर बंद पड़े हैं। जिससे स्थानीय लोग शीतल पेयजल के लिए इधर-उधर भटक रहे हैं अथवा 20 रुपये की बोतल लेकर अपनी प्यास बुझा रहे हैं। लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से उक्त वाटर कूलरों को शीघ्र चालू कराने की मांग की है। नगर पंचायत ने लगभग लाखों रुपये की कीमत से नगर में कई जगह वाटर कूलर लगवाये थे, जिसमें एक सी ओ ऑफिस परिसर के बाहर और दूसरा शीतला माता मंदिर परिसर में सामुदायिक स्वस्थ केंद्र अजीतमल में लगाया गया था। वाटर कूलर लगने के बाद स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिली।
नगर पंचाय द्वारा लगवाए गए वाटर कूलर बने सफेद हाथी
कुछ समय चलने के बाद वाटर कूलर बंद हो गये। गर्मी प्रारंभ होते ही लोगों को इन वाटर कूलरों की याद आने लगी है। सी ओ ऑफिस के समीप लगा वाटर कूलर सफेद हाथी साबित हो रहा है। यहां के दुकानदार और बाजार को आने-जाने वालों के लिए पीने के लिए ठंडे पानी की कोई व्यवस्था नहीं है। ऐसी स्थित में दूर दराज ग्रामीण इलाके से आने वाले लोग पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकते हैं अथवा 20 रुपये की वोतल लेकर पानी पीने को मजबूर होते हैं। यही हाल कॉपरेटिव बैंक के पास में लगे वाटर कूलर का है।
यहां भी जनता इस वाटर कूलर से गर्मी के मौसम में शीतल पानी पी लिया करती थी, लेकिन बंद होने के बाद आम जन शीतल पानी पीने के लिए तरस रहा है। नगरीय और क्षेत्रीय जनता ने नगर पंचायत प्रशासन से उक्त वाटर कूलरों को सही कराने की मांग की है। इस संबंध में अधिशाषी अधिकारी का कहना है कि जिस कंपनी ने इन वाटर कूलरों को लगाया था उसे सूचना भेजी जा चुकी है। शीघ्र ही उन्हें चालू कराया जायेगा।









