कानपुर देहात : पुरानी रंजिश में ईंट भट्ठा संचालक के भतीजे को मारी गोली, हालत गंभीर, मेडिकल कॉलेज रेफर

मुख्य बिंदु:

  • सीएचसी से प्राथमिक उपचार के बाद घायल युवक को मेडिकल कॉलेज में कराया गया भर्ती।

  • अवैध तमंचा लेकर बाइक से पहुंचे थे हमलावर, दुस्साहसिक वारदात से गांव में दहशत।

  • दोबारा तमंचा लोड करते वक्त भट्ठे के मजदूरों ने दौड़ाया, तो बाइक छोड़कर भाग निकले आरोपी।

कानपुर देहात के गजनेर थाना क्षेत्र अंतर्गत दुआरी गांव में गुरुवार शाम एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। पुरानी रंजिश के चलते दबंगों ने ईंट भट्ठे के पास खड़े भट्ठा संचालक के भतीजे पर ताबड़तोड़ गोली चला दी। अचानक हुई इस दुस्साहसिक फायरिंग से इलाके में हड़कंप मच गया और दहशत का माहौल कायम हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद एक ही बाइक पर सवार तीनों आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहे। वहीं गोली लगने से गंभीर रूप से घायल युवक को आनन-फानन में सीएचसी गजनेर से प्राथमिक उपचार दिलाकर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया।

गाली-गलौज का विरोध करने पर चला दी सीधी गोली

दुआरी गांव के रहने वाले आशीष सिंह गुरुवार शाम करीब 4:00 बजे गांव के किनारे स्थित अपने चाचा शिशुपाल सिंह के ‘राम ब्रिक फील्ड’ ईंट भट्ठे के पास सड़क किनारे खड़े थे। इसी बीच गांव के ही तीन युवक एक ही बाइक पर सवार होकर मौके पर पहुंचे। आरोप है कि वहां आते ही तीनों ने आशीष के साथ अभद्र भाषा में गाली-गलौज शुरू कर दी। जब आशीष ने इस अभद्रता का विरोध किया, तो एक आरोपी ने कमर से तमंचा निकालकर आशीष पर सीधा फायर झोंक दिया। अचानक हुए इस जानलेवा हमले से आशीष को संभलने का मौका तक नहीं मिला। जैसे ही वह पीछे मुड़े, गोली सीधे उनकी पीठ में जा धंसी और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े।

दोबारा तमंचा लोड करते ही मजदूरों ने दौड़ाया, दहशतगर्दों की योजना नाकाम

गोली चलाने के बाद हमलावरों का दुस्साहस यहीं नहीं रुका। आरोपी ने तुरंत तमंचे को दोबारा लोड करना शुरू कर दिया, लेकिन गोली की आवाज सुनकर भट्ठे पर मौजूद मजदूर और स्थानीय लोग शोर मचाते हुए उनकी तरफ दौड़ पड़े। ग्रामीणों को अपनी ओर आता देख तीनों हमलावर अपनी जान बचाकर मौके से बाइक से भाग खड़े हुए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम और परिजन आनन-फानन में मौके पर पहुंचे और लहूलुहान आशीष को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गजनेर ले गए। वहां तैनात डॉ. मुकेश पाठक ने प्राथमिक उपचार के बाद युवक की बिगड़ती हालत को देखते हुए उसे तुरंत मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

गांव में भारी पुलिस बल तैनात, पुलिस को तहरीर का इंतजार

घायल आशीष के चाचा और पूर्व प्रधान शिशुपाल सिंह ने बताया कि आरोपी छोटू शुक्ला के साथ उनकी काफी समय से पुरानी रंजिश चली आ रही है और वह लगातार गांव में दबंगई दिखाता रहता है। वारदात के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए रनिया और गजनेर समेत कई थानों का भारी पुलिस फोर्स एहतियातन तैनात कर दिया गया है। मामले पर थानाध्यक्ष सनत कुमार ने बताया कि पुरानी रंजिश के विवाद में एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के युवक को गोली मारी है। पीड़ित का इलाज मेडिकल कॉलेज में जारी है। फिलहाल परिजनों की ओर से लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, तहरीर मिलते ही संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha