
केजरीवाल ने मांगी सेना की मदद
पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कहा- आईटीओ बैराज के तीन गेट नहीं खुले, इसलिए आईटीओ हुआ जलमग्न
भास्कर ब्यूरो
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में बाढ़ ने दिल्ली की नाक कहे जाने वाले आईटीओ, राजघाट और सुप्रीम कोर्ट को भी बाढ़ के पानी ने अपनी चपेट में ले लिया। राहत की बात यह है यमुना नदी के जलस्तर में मामूली गिरावट आई है, लेकिन संकट अभी भी बरकरार है। भारी बारिश के बाद दिल्ली में यमुना खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। नदी का उफान बरकरार है। दिल्ली में 4 दिन से यमुना नदी खतरे के निशान के ऊपर है। शुक्रवार दोपहर एक बजे तक यमुना का जलस्तर 208.29 मीटर था जो गुरुवार के 208.62 मीटर की तुलना में कम है। उधर सीएम अरविंद केजरीवाल ने बाढ़ से निपटने के लिए सेना तथा एनडीआरएफ की मदद मांगी है।
यह समय मिलकर काम करने का है आरोप-प्रत्यारोपों का नहीं- उपराज्यपाल
आईटीओ के पास ड्रेन रेगुलेटर टूट गया । जिससे दिल्ली में पानी घुस रहा है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपराज्यपाल वीके सक्सेना स्थिति का देखने के शुक्रवार को वहां पहुंचे। उपराज्यपाल को देखकर दिल्ली सरकार के मंत्री मंत्री सौरभ भारद्वाज ने अधिकारियों पर सहयोग न करने का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री के सामने भारद्वाज ने उपराज्यपाल से कहा कि रात में एनडीआरएफ नहीं दी गई। उपराज्यपाल ने कहा कि यह समय दिल्ली के लिए मिलकर काम करने का है। आरोपों पर जाएंगे, तो परेशान हो जाएंगे। राजनीति न कीजिए, मिलकर काम कीजिए।
पूर्व केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने दैनिक भास्कर को बताया कि राज्य सरकार का काम अपने प्रांत को विषम स्थितियों के लिये तैयार करना होता है जिस पर अरविंद केजरीवाल ने कोई तैयारी नहीं की जिसका प्रमाण है कि दो दिन पूर्व बाढ़ के विकराल होने पर सरकार को मालूम पड़ा कि आईटीओ बैराज के तीन गेट नहीं खुल रहे और कल रात रिंग रोड पर डब्ल्यूएचओ भवन के नाला नंबर 12 का गेट टूट गया जिससे पूरा आईटीओ क्षेत्र जलमग्न हो गया। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार बताए कि माॅनसून से पहले बैराज एवं नालों के गेटों का क्यों नहीं निरीक्षण किया गया था ?
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा, ‘पूरी रात, हमारी टीमें डब्ल्यूएचओ बिल्डिंग के पास ड्रेन नंबर 12 के रेगुलेटर की क्षति को ठीक करने के लिए काम करती रहीं। फिर भी, इस दरार के माध्यम से बाढ़ का पानी शहर में घुस गया है। सरकार ने मुख्य सचिव को इसे सर्वोच्च प्राथमिकता पर लेने का निर्देश दिया है। रेगुलेटर को पहुंचे नुकसान ने यमुना के पानी को शहरी क्षेत्रों की ओर वापस प्रवाहित करने की अनुमति दी।
निगमबोध घाट सहित चार श्मशान घाट बंद
दिल्ली की महापौर शैली ओबेरॉय ने शुक्रवार को कहा कि यमुना के पानी के कारण राष्ट्रीय राजधानी के विभिन्न हिस्सों में बाढ़ के मद्देनजर निगमबोध घाट, गीता कॉलोनी, वजीराबाद और सरायकाले खां स्थित श्मशान घाट बंद कर दिये गये हैं। दिल्ली में बाढ़ जैसी स्थिति ने न केवल राष्ट्रीय राजधानी में जनजीवन को बाधित किया है, बल्कि उफनती यमुना के समीप स्थित श्मशान घाटों में भी पानी भर गया है, जिससे लोगों के लिए अपने प्रियजनों का अंतिम संस्कार करना मुश्किल हो गया है। ओबेरॉय ने ट्वीट किया, ‘दिल्ली में बाढ़ के कारण निगमबोध घाट, गीता कॉलोनी, वजीराबाद और सरायकाले खां में श्मशान घाट बंद हैं।’ उन्होंने अन्य श्मशान घाटों की एक सूची साझा की, जहां लोग अपने प्रियजनों के अंतिम संस्कार के लिए जा सकते हैं। उन्होंने वैकल्पिक श्मशान घाटों पर विचार करने की सलाह दी। मृतकों के अंतिम संस्कार के लिए निगमबोध घाट पर काफी भीड़ रहती है, लेकिन यहां उफनती यमुना का पानी घुस गया है। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने बुधवार को एक परामर्श जारी करके लोगों से अपने प्रियजनों के अंतिम संस्कार के लिए निगमबोध घाट न जाने को कहा था। यमुना का जलस्तर बढ़ने के कारण गीता कॉलोनी स्थित श्मशान घाट को भी बंद कर दिया गया है। दिल्ली नगर निगम ने लोगों को शवों को पंचकुइयां रोड, संत नगर, पंजाबी बाग, ग्रीन पार्क, दक्षिणपुरी या अपने पड़ोस के अन्य श्मशान घाटों पर ले जाने के विकल्प पर विचार करने को कहा है।
दिल्ली में बाढ़ से जुड़े अपडेट्स…
सीएम केजरीवाल ने कहा- यमुना बैराज में 32 में से 5 गेट बंद हैं, जिसकी वजह से पानी बाहर नहीं निकल रहा है। 5 गेट खुल जाएंगे तो पानी का बहाव कम हो जाएगा। दिल्ली सीएम केजरीवाल ने सेना से मदद की मांग की है। यह जानकारी उन्होंने ट्वीट करके दी। सेना आईटीओ के पास टूटे 12 नंबर ड्रेनेज की मरम्मत करेगी। यहीं से यमुना का पानी घुस रहा है। एनडीआरएफ के डीआईजी मोहसिन शहीदी ने बताया कि दिल्ली में बाढ़ से 6 जिले प्रभावित हैं। लोगों की मदद के लिए एनडीआरएफ की 16 टीमें लगाई गई हैं। 2,700 राहत शिविर लगाए गए हैं। यमुना के आसपास से 23 हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। पीएम मोदी ने फ्रांस से अमित शाह को फोन करके दिल्ली में बाढ़ के हालात का जायजा लिया।













