
तेहरान: जंग के मैदान में जहां मौत का खौफ हर पल मंडराता है, वहां प्यार की एक ऐसी तस्वीर सामने आई है जिसने पूरी दुनिया को हैरान कर दिया है। ईरान और इजराइल-अमेरिका के बीच जारी भीषण तनाव और गोलाबारी के बीच, राजधानी तेहरान की सड़कों पर एक जोड़े ने ‘साहस’ की नई इबारत लिखी है। जहां लोग धमाकों की आवाज से सहम कर घरों में दुबके हैं, वहीं इस कपल ने बारूद के बक्सों को ही अपना शादी का मंडप बना लिया।
वेडिंग केक नहीं, गोला-बारूद के डिब्बे पर बैठकर ली कसमें
इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो में देखा जा सकता है कि यह शादी किसी आलीशान होटल या गार्डन में नहीं, बल्कि सड़क के बीचों-बीच युद्ध जैसे माहौल में संपन्न हुई। दूल्हा और दुल्हन किसी मखमली सोफे के बजाय गोला-बारूद से भरे एक बड़े कंटेनर पर बैठे नजर आए। सबसे हैरान करने वाली बात यह थी कि उनके हाथों में फूलों के गुलदस्ते की जगह घातक राइफलें थीं और पास ही एक भारी मशीन गन तैनात थी।
RIFLES IN HAND — Iranian couple celebrate their wedding atop AMMO BOX
Marriage sealed next to a mounted machine gun as armed supporters gather behind them
A symbolic show of support for their government as US-Israeli bombings intensify pic.twitter.com/GDHiNpnGJU
— RT (@RT_com) March 13, 2026
हथियारबंद लड़ाके बने बाराती, निकाह में गूंजी ‘प्रतिरोध’ की आवाज
इस अनोखी शादी में मेहमानों की जगह चारों तरफ हथियारबंद समर्थक और लड़ाके खड़े थे। पारंपरिक निकाह की रस्मों के दौरान जोड़े के हाथों में धार्मिक किताब (कुरान) थी, लेकिन उनके चेहरे पर डर के बजाय एक अजीब सा संकल्प दिख रहा था। यह शादी उस समय हुई है जब मध्य पूर्व में हालात बेहद नाजुक बने हुए हैं। 28 फरवरी को हुए हमलों के बाद ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए कई अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया है। ऐसे में इस जोड़े ने संदेश दिया है कि युद्ध उनकी जिंदगी और मोहब्बत की राह में रोड़ा नहीं बन सकता।
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस: यूजर्स बोले- ‘जज्बे को सलाम’
इस साहसी जोड़े का वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर कमेंट्स की बाढ़ आ गई है। एक यूजर ने हैरानी जताते हुए लिखा, “वेडिंग केक की जगह बारूद के डिब्बे! वक्त कितना बदल गया है।” वहीं, एक अन्य यूजर ने दुल्हन की बहादुरी की तारीफ करते हुए कहा, “ऐसी जांबाज महिला पहले कभी नहीं देखी, जो मौत के साये में भी मुस्कुरा रही है।” कई लोग इसे पश्चिमी देशों के खिलाफ ईरान के अटूट हौसले के प्रतीक के रूप में देख रहे हैं।
मिडल ईस्ट में तनाव के बीच प्यार की मिसाल
गौरतलब है कि अमेरिका और इजराइल की ओर से ईरान पर लगातार हवाई हमले किए जा रहे हैं। जवाब में ईरान ने यूएई, बहरीन, कुवैत और सऊदी अरब जैसे देशों में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमले बोलकर तनाव को चरम पर पहुंचा दिया है। तेहरान और आसपास के शहरों में अभी भी बमबारी जारी है। इन सबके बीच, बारूद के ढेर पर बैठकर की गई यह शादी दुनिया को यह बता रही है कि गोलियों की गूंज भले ही तेज हो, लेकिन मोहब्बत और उम्मीद की आवाज को दबाया नहीं जा सकता।















