कच्ची दीवार बनी मौत का जाल: मैनपुरी में दो मासूमों समेत तीन की दर्दनाक मौत, नींव में भरे पानी ने ली तीन जानें

मैनपुरी। जनपद के कुरावली थाना क्षेत्र के गांव आठपुरा में मंगलवार देर रात एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। कच्चे मकान की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे सो रहे परिवार पर मौत बनकर टूट पड़ी। इस दर्दनाक हादसे में दो मासूम बच्चों समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार गांव निवासी बृजेश कुमार जाटव अपने परिवार के साथ कच्चे मकान में रह रहे थे। मंगलवार रात करीब 11 बजे पूरा परिवार दीवार के सहारे रखे टिनशेड के नीचे गहरी नींद में था। तभी अचानक दीवार भरभराकर गिर गई और पूरा मलबा परिवार के ऊपर आ गिरा। हादसे के बाद चीख-पुकार से गांव में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया और मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला। लेकिन तब तक 40 वर्षीय रूबी, 8 वर्षीय दिलीप कुमार और 13 वर्षीय बेवी की सांसें थम चुकी थीं।

घटना में बृजेश कुमार, गुड़िया और पल्लवी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

निर्माण कार्य बना हादसे की वजह

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि मकान में निर्माण कार्य चल रहा था। नई दीवार की नींव खोदने के कारण उसमें पानी भर गया था, जिससे पुरानी कच्ची दीवार कमजोर होकर झुक गई थी। देर रात यही दीवार अचानक ढह गई और पूरा परिवार इसकी चपेट में आ गया। इस दर्दनाक हादसे ने गांव में मातम पसार दिया है। एक ही परिवार की खुशियां पलभर में उजड़ गईं और हर आंख नम है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

12 + = 20
Powered by MathCaptcha