
पटना: बिहार की राजधानी पटना से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने पूरे शहर को सन्न कर दिया है। प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी कर रही एक 26 वर्षीय युवती अपने ही प्रेमी के धोखे और दरिंदगी का शिकार हो गई। शास्त्री नगर थाना क्षेत्र के एक होटल में आरोपी ने युवती को बातचीत के बहाने बुलाया और फिर नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ कुकृत्य किया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पीड़िता को बेसुध हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अब इस मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच तेज कर दी है।
दोस्ती की आड़ में रची साजिश, ड्रिंक में मिलाकर पिलाया नशीला पदार्थ
पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, यह पूरी वारदात 13 मार्च की रात को अंजाम दी गई। पीड़िता और आरोपी अभिजीत (28 वर्ष) के बीच पिछले 6 साल से प्रेम संबंध थे। इसी भरोसे का फायदा उठाते हुए अभिजीत ने युवती को शास्त्री नगर के एक होटल में मिलने के लिए बुलाया। युवती को जरा भी अंदाजा नहीं था कि जिसे वह अपना हमसफर मानती है, वह उसके लिए जाल बिछा रहा है। आरोप है कि वहां अभिजीत ने उसे कोल्ड ड्रिंक या शराब में कोई नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया, जिससे वह कुछ ही देर में अचेत हो गई।
होश आया तो उड़े होश, कमरे में अकेली तड़पती रही पीड़िता
घटना के करीब दो घंटे बाद जब पीड़िता को होश आया, तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। कमरा अंदर से बंद था और आरोपी अभिजीत वहां से गायब था। पीड़िता की हालत बेहद गंभीर थी, लेकिन उसने हिम्मत नहीं हारी। बेसुध हालत में ही उसने तुरंत इमरजेंसी नंबर 112 डायल कर पुलिस को सूचना दी। 15 मार्च को प्राथमिक शिकायत के बाद, 23 मार्च को पीड़िता ने अपने परिजनों के साथ थाने पहुंचकर विस्तृत बयान दर्ज कराया, जिसके आधार पर पुलिस ने संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
6 साल का रिश्ता और बेवफाई की दास्तां: दूसरी शादी करने वाला था आरोपी
पुलिस जांच में पता चला है कि पीड़िता और अभिजीत की मुलाकात पटना में पढ़ाई के दौरान हुई थी। 6 साल के लंबे रिश्ते में अभिजीत ने शादी का झांसा देकर कई बार युवती का शारीरिक शोषण किया। दरकते रिश्ते के बीच पीड़िता को हाल ही में पता चला कि अभिजीत किसी दूसरी लड़की से शादी करने की तैयारी कर रहा है। इसी बात का स्पष्टीकरण (Clarification) मांगने के लिए वह उस रात होटल पहुंची थी, जहां उसके भरोसे का कत्ल कर दिया गया।
पुलिस एक्शन में: होटल के CCTV और FSL रिपोर्ट से खुलेगा राज
शास्त्री नगर थाना पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए तकनीकी साक्ष्य जुटाने में लगी है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा चुका है। पुलिस ने होटल के उस कमरे को खंगाला है और सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया है, ताकि आरोपी के आने-जाने के समय की पुष्टि हो सके। साक्ष्य संकलन के लिए एफएसएल (FSL) की टीम को भी लगाया गया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है और उसे जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।














