नाशिक में ‘पाखंडी कैप्टन’ का खौफनाक साम्राज्य: रेप के बाद अब ‘नरबलि’ का शक, फार्म हाउस से बरामद हुए जंगली जानवरों के अंग और खाल

नाशिक। महाराष्ट्र के नाशिक से एक ऐसे ढोंगी बाबा का कच्चा चिट्ठा सामने आया है, जिसकी ‘काली दुनिया’ की दास्तां सुनकर रूह कांप जाए। खुद को बड़ा न्यूमेरोलॉजिस्ट (अंक ज्योतिषी) बताने वाले अशोक खरात उर्फ ‘कैप्टन’ के खिलाफ अब कानून का शिकंजा कसता जा रहा है। दुष्कर्म, धोखाधड़ी और अंधविश्वास फैलाने के गंभीर आरोपों में घिरे इस पाखंडी के खिलाफ गठित SIT हर दिन नए और चौंकाने वाले खुलासे कर रही है। अब इस मामले में महाराष्ट्र वन विभाग की एंट्री ने मामले को और भी खौफनाक मोड़ दे दिया है।

फार्म हाउस पर मिली जानवरों की खाल, क्या देता था ‘नरबलि’?

जांच के दौरान पुलिस और वन विभाग की टीम जब अशोक खरात के फार्म हाउस और घर पहुंची, तो वहां का नजारा देख अधिकारी दंग रह गए। वहां से भारी मात्रा में प्रतिबंधित पक्षियों के अवशेष, जंगली जानवरों की खाल और नाखून बरामद हुए हैं। सूत्रों का दावा है कि यह ढोंगी बाबा कस्तूरी हिरण के इत्र का लालच देकर भक्तों को फंसाता था। शक है कि इगतपुरी के जंगलों में इसने अवैध शिकार करवाया था। सबसे डरावना पहलू यह है कि सिन्नर के मिरगांव मंदिर में खरात ‘अघोरी विद्या’ के नाम पर जानवरों की बलि देता था। पुलिस अब इस पूरे मामले में ‘नरबलि’ के एंगल से भी गहराई से तफ्तीश कर रही है।

शोषण का घिनौना पैटर्न: ‘मुझसे संबंध बनाओगी तो पवित्र हो जाओगी’

अशोक खरात के खिलाफ दर्ज FIR में दर्ज कहानियां किसी डरावनी फिल्म जैसी हैं। वह महिलाओं को दैवीय शक्तियों और तंत्र-मंत्र का डर दिखाकर अपना शिकार बनाता था। एक पीड़िता ने आरोप लगाया कि जब वह 7 महीने की गर्भवती थी, तब सुरक्षित प्रसव का झांसा देकर अंधेरे का फायदा उठाकर बाबा ने उसके साथ दरिंदगी की। एक अन्य महिला को ‘भगवान शिव का अवतार’ बनकर डराया और उसके बच्चों का भविष्य बर्बाद करने की धमकी दी। हद तो तब हो गई जब उसने एक पीड़िता से कहा कि “मेरे साथ शारीरिक संबंध बनाने से तुम पवित्र हो जाओगी।”

गणित में फेल ‘कैप्टन’ ऐसे बना न्यूमेरोलॉजी का फर्जी मास्टर

जांच में एक बेहद दिलचस्प और हैरान करने वाला खुलासा अशोक खरात की मार्कशीट से हुआ है। जो शख्स दुनिया को अंकों का खेल (Numerology) समझाकर करोड़ों की ठगी कर रहा था, वह खुद 10वीं की परीक्षा में गणित विषय में फेल हो गया था। स्कूल रिकॉर्ड के अनुसार उसका असली नाम लक्ष्मण खरात है। पुलिस का कहना है कि गणित में फेल होने के बावजूद उसने खुद को अंकों का विशेषज्ञ बताकर एक बड़ा नेटवर्क खड़ा कर लिया और मासूम लोगों की आस्था से खिलवाड़ किया।

SIT की जांच तेज, पुलिस ने जनता से की बड़ी अपील

फिलहाल अशोक खरात पुलिस की गिरफ्त में है और उसके पूरे साम्राज्य को ध्वस्त करने के लिए SIT सबूत जुटा रही है। नाशिक पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि इस ढोंगी बाबा ने किसी और को भी अपनी हवस या ठगी का शिकार बनाया है, तो वे बिना डरे सामने आएं। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि पीड़िताओं की पहचान गुप्त रखी जाएगी और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment