
राजबाड़ी (बांग्लादेश)। बांग्लादेश में ईद की खुशियां उस वक्त गहरे सदमे और चीख-पुकार में बदल गईं, जब 40 यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पद्मा नदी में समा गई। इस भीषण हादसे में अब तक 16 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि कई अन्य यात्री अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं, जो त्यौहार की छुट्टियां मनाकर वापस लौट रहे थे। इस दर्दनाक घटना पर प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने गहरा शोक व्यक्त किया है और उच्च स्तरीय जांच के निर्देश दिए हैं।
फेरी पर चढ़ते समय बिगड़ा संतुलन, सीधे नदी में जा गिरी बस
जानकारी के अनुसार, यह हृदयविदारक हादसा बुधवार शाम करीब 5:15 बजे राजबाड़ी जिले के दौलतदिया टर्मिनल पर हुआ। चश्मदीदों ने बताया कि बस एक फेरी (बड़ी नाव) पर चढ़ने की कोशिश कर रही थी। उसी दौरान एक छोटी यूटिलिटी नाव पोंटून से टकरा गई, जिससे जोरदार झटका लगा और बस चालक का नियंत्रण पूरी तरह बिगड़ गया। देखते ही देखते बस सीधे उफनती पद्मा नदी में जा गिरी। हादसे के वक्त बस में सवार ज्यादातर लोग एक ही परिवार के सदस्य थे, जो ईद मनाकर राजधानी ढाका लौट रहे थे।
6 घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन: क्रेन से निकाली गई बस, निकले 14 शव
हादसे की सूचना मिलते ही सेना, पुलिस, कोस्ट गार्ड और अग्निशमन सेवा की टीमों ने मोर्चा संभाला। खराब मौसम और पानी के तेज बहाव के बीच करीब छह घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया। शुरुआती दौर में गोताखोरों ने दो महिलाओं के शव बाहर निकाले। बाद में एक विशाल क्रेन की मदद से जब डूबी हुई बस को नदी से बाहर निकाला गया, तो उसके भीतर से 14 और शव बरामद हुए। कुछ यात्री तैरकर बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन जो अंदर फंस गए थे, उन्हें बचाया नहीं जा सका।
प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने जताई संवेदना, जांच कमेटी गठित
घटना की गंभीरता को देखते हुए बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने अधिकारियों से तत्काल रिपोर्ट तलब की है। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में सरकार उनके साथ है। स्थानीय प्रशासन ने लापता लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू टीम को तैनात रखा है। इस हादसे ने एक बार फिर बांग्लादेश के जलमार्गों और घाटों पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन अब इस बात की जांच कर रहा है कि क्या यह महज एक दुर्घटना थी या इसके पीछे मानवीय लापरवाही जिम्मेदार है।














