
- गोरखपुर में बिना सील का बॉक्स मिलने का भी किया दावा, मतदाता सूची दुरुस्त करने और मतदान में बायोमेट्रिक व्यवस्था लागू करने की उठाई मांग; धर्मेंद्र कश्यप ने पिछड़े वर्ग को न्याय नहीं मिलने का आरोप लगाया
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने विधान परिषद चुनाव में मतदान प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर बेईमानी का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि सपा प्रत्याशी कांति सिंह की सीट के 97 बूथों पर बिना फोल्ड किए हुए बैलेट मिले। अखिलेश ने सवाल उठाया कि बैलेट बिना मोड़े कैसे मिले और आशंका जताई कि कहीं पूरा डिब्बा ही वोट डालकर तो नहीं लाया गया।
अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने मतदाता सूची दुरुस्त कराने और मतदान में बायोमेट्रिक व्यवस्था लागू करने की मांग की। उनका आरोप था कि जिन क्षेत्रों में समाजवादी पार्टी के समर्थक मतदाता हैं, वहां लंबी कतारें लग रही हैं और केवल एक मशीन लगाकर मतदाताओं को परेशान किया जा रहा है।
‘गोरखपुर में बिना सील का बॉक्स मिला’
अखिलेश यादव ने दावा किया कि गोरखपुर में बिना सील का बॉक्स मिला है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव जीतने के लिए किसी भी हद तक जा सकती है। चुनाव आयोग की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि छोटी कार्रवाई के पीछे किसी बड़ी साजिश की आशंका को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है।
उन्होंने अधिकारियों पर भाजपा कार्यकर्ता की तरह काम करने का आरोप भी लगाया। अखिलेश ने कहा कि भाजपा बुनियादी सवालों पर बात नहीं करना चाहती। इस दौरान उन्होंने केसर चीनी मिल पर 162 करोड़ रुपये बकाया होने का मुद्दा उठाया और कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर 24 घंटे के भीतर भुगतान कराया जाएगा।
‘प्रीपेड पार्टियों से सावधान रहें’
अखिलेश यादव ने कुछ राजनीतिक दलों पर तंज कसते हुए लोगों को ‘प्रीपेड पार्टियों’ से सावधान रहने की बात कही। किसी पार्टी का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि कुछ दलों का ओटीपी कहीं और से आता है और उनके माइक व लाउडस्पीकर किसी और के बनकर आते हैं। उन्होंने पतंग की डोर कटने का उदाहरण देकर भी राजनीतिक कटाक्ष किया।
अखिलेश ने भाजपा पर वोट हासिल करने के लिए बड़ी कंपनियों का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। कैमरों में रंगों को लेकर भी उन्होंने तंज कसा और कहा कि पता नहीं कौन-सा लेंस लगाया जाता है, जिसमें लाल रंग भी भगवा दिखाई देता है।
धर्मेंद्र कश्यप बोले- पिछड़े वर्ग को नहीं मिल रहा न्याय
इस दौरान धर्मेंद्र कश्यप ने पिछड़े वर्ग के लोगों को न्याय नहीं मिलने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि कश्यप समाज के एक दर्जन से अधिक लोगों की हत्या हो चुकी है और इन घटनाओं में जाति विशेष के लोगों का हाथ है।
धर्मेंद्र कश्यप ने कहा कि आज अखिलेश यादव जरूरी हैं और वह समाजवादी पार्टी को मजबूत करने का काम करेंगे। अखिलेश यादव ने धर्मेंद्र कश्यप और उनकी बेटी कीर्ति कश्यप का पार्टी में स्वागत किया। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र कश्यप के आने से पीडीए का संघर्ष मजबूत होगा और भाजपा चुनाव हारेगी।
शिवपाल यादव बोले- सरकार बनी तो मामलों की जांच कराएंगे
सपा नेता शिवपाल यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी लगातार मजबूत हो रही है और हर वर्ग के साथ अन्याय हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के लोग मालामाल हो रहे हैं। शिवपाल ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर ऐसे मामलों की जांच कराई जाएगी।
नीरज मौर्य ने जाति आधारित भागीदारी की मांग उठाई
आंवला से सांसद नीरज मौर्य ने जाति के आधार पर भागीदारी सुनिश्चित करने की मांग उठाई। वहीं, अखिलेश यादव ने धर्मेंद्र कश्यप और उनकी बेटी कीर्ति कश्यप का स्वागत करते हुए कहा कि उनके पार्टी में आने से पीडीए की लड़ाई को मजबूती मिलेगी।
अखिलेश ने बसपा से आए आबिद अली का जिक्र करते हुए भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि यहां पार्टी का नाम नहीं लिया जा रहा, बल्कि गुलदस्ता लेकर आए हैं। उनके इस बयान को बसपा पर कटाक्ष के रूप में देखा गया।

















