समधी के प्यार में पागल समधन, पति बन रहा था बाधा; दूध देने के बहाने पहुंची और फिर घोंट दिया गला

संभल। उत्तर प्रदेश के संभल जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां पवित्र रिश्तों को तार-तार करते हुए एक पत्नी ने अपने ही पति की जीवनलीला समाप्त कर दी। धनारी थाना क्षेत्र के भिरावटी गांव में हुए इस सनसनीखेज हत्याकांड ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। अवैध संबंधों के चलते एक महिला ने अपने समधी के साथ मिलकर इस खौफनाक साजिश को अंजाम दिया और फिर पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए झूठी कहानी भी गढ़ डाली। लेकिन कानून के लंबे हाथों से बच पाना नामुमकिन था और अब दोनों सलाखों के पीछे हैं।

खेत में लहसुन की फसल की रखवाली कर रहा था पति

मिली जानकारी के अनुसार, भिरावटी निवासी 40 वर्षीय नरेश कुमार मंगलवार की रात अपने खेत पर लहसुन की फसल की रखवाली करने गए थे। रात के सन्नाटे में वे बेखबर होकर खेत पर ही सो रहे थे। उन्हें इस बात का जरा भी इल्म नहीं था कि जिस पत्नी पर वह भरोसा करते हैं, वही उनकी मौत का परवाना लेकर आने वाली है। आधी रात को पत्नी शीला और उसके समधी सत्यपाल ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।

अवैध संबंधों में बाधा बन रहा था नरेश

पुलिस की पड़ताल में जो खुलासा हुआ वह बेहद चौंकाने वाला था। आरोपी महिला शीला का अपने सगे समधी (पति की बहन का पति) सत्यपाल के साथ लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। नरेश कुमार को अपनी पत्नी और सत्यपाल के इन अवैध रिश्तों की भनक लग चुकी थी, जिसके कारण घर में अक्सर विवाद होता था। अपने प्यार के रास्ते से कांटे को हटाने के लिए शीला और सत्यपाल ने नरेश को रास्ते से हटाने की ठान ली।

दूध देने के बहाने पहुंची और फिर घोंट दिया गला

मंगलवार रात करीब 10 बजे शीला एक सोची-समझी योजना के तहत पति को दूध देने के बहाने खेत पर पहुंची। वहां दूध देने के बाद वह घर लौट आई और तुरंत फोन कर सत्यपाल को बुला लिया। इसके बाद दोनों बाइक से फिर से खेत पर पहुंचे। गहरी नींद में सो रहे नरेश पर दोनों काल बनकर टूट पड़े। आरोपियों ने नरेश के गले में गमछा डालकर उसे इतनी जोर से खींचा कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

चचेरे भाइयों को फंसाने की रची थी साजिश

वारदात को अंजाम देने के बाद शातिर शीला ने बुधवार सुबह रोना-पीटना शुरू कर दिया और पुलिस को गुमराह करने के लिए कहानी रची। उसने अपने चचेरे देवरों पर पुरानी रंजिश के चलते हत्या का आरोप मढ़ा। हालांकि, पुलिस को शुरुआत से ही शीला की बातों पर शक था। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गला घोंटने की पुष्टि होते ही पुलिस का शक यकीन में बदल गया।

कड़ाई से पूछताछ में टूटी महिला और उगल दिया सच

संभल के पुलिस अधीक्षक (SP) कृष्ण कुमार विश्नोई ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मृतक के भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जब शीला से कड़ाई से पूछताछ की गई, तो वह टूट गई और अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी समधी सत्यपाल को भी दबोच लिया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त गमछा और बाइक भी बरामद कर ली है। गुरुवार को दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha