बंगाल में चुनावी नतीजों के बाद खूनी खेल: सुवेंदु अधिकारी के पीए की सरेआम हत्या, बीजेपी ने TMC पर लगाया बड़ा आरोप

कोलकाता/मध्यमग्राम। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजे आने के बाद राज्य में हिंसा का दौर शुरू हो गया है। सबसे सनसनीखेज वारदात मध्यमग्राम में हुई है, जहां बीजेपी के दिग्गज नेता और मुख्यमंत्री पद की दौड़ में शामिल सुवेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस वारदात के बाद पूरे बंगाल में तनाव फैल गया है और बीजेपी ने सत्तारूढ़ टीएमसी पर राजनीतिक प्रतिशोध का आरोप लगाया है।

काली स्कॉर्पियो पर अंधाधुंध फायरिंग, सीने में उतारीं तीन गोलियां

मिली जानकारी के मुताबिक, वारदात मंगलवार देर रात की है। चंद्रनाथ रथ अपनी काली स्कॉर्पियो कार में सवार होकर मध्यमग्राम इलाके से गुजर रहे थे। तभी बिना नंबर प्लेट की बाइक पर आए हमलावरों ने उनकी गाड़ी को घेर लिया और पॉइंट ब्लैंक रेंज (बेहद करीब से) से उन पर चार राउंड फायरिंग की। पुलिस सूत्रों के अनुसार, चंद्रनाथ के सीने में तीन गोलियां लगीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

साए की तरह सुवेंदु के साथ रहते थे चंद्रनाथ

चंद्रनाथ रथ पिछले पांच वर्षों से सुवेंदु अधिकारी के साथ साए की तरह रहते थे और उनके सबसे भरोसेमंद करीबियों में शुमार थे। सुवेंदु के हर राजनीतिक अभियान और चुनाव प्रबंधन में उनकी अहम भूमिका रहती थी। हत्या की खबर मिलते ही सुवेंदु अधिकारी सभी कार्यक्रमों को बीच में छोड़कर मध्यमग्राम के लिए रवाना हो गए हैं। कार की जो तस्वीरें सामने आई हैं, उनमें शीशे पर गोलियों के निशान हमले की भयावहता को बयां कर रहे हैं।

बीजेपी का तीखा प्रहार: ‘हार से बौखला गई है टीएमसी’

इस हत्या के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। बीजेपी ने इस वारदात के लिए सीधे तौर पर तृणमूल कांग्रेस (TMC) को जिम्मेदार ठहराया है। बीजेपी प्रवक्ताओं का कहना है कि बंगाल की जनता ने टीएमसी को नकार दिया है और इसी हार की बौखलाहट में उनके कार्यकर्ताओं और नेताओं के करीबियों को निशाना बनाया जा रहा है। बीजेपी ने इसे ‘लोकतंत्र की हत्या’ करार देते हुए दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।

जांच में जुटी भारी पुलिस फोर्स

वारदात की गंभीरता को देखते हुए मध्यमग्राम पुलिस और एयरपोर्ट पुलिस के उच्च अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। आसपास के इलाकों की घेराबंदी कर दी गई है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। बिना नंबर प्लेट की बाइक और प्रोफेशनल तरीके से की गई फायरिंग को देखते हुए पुलिस इसे एक सोची-समझी साजिश (Targeted Killing) मानकर जांच कर रही है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment