बंगाल में सियासी कोहराम: सुवेंदु के पीए हत्याकांड में ‘प्रोफेशनल शूटर’ का शक, 90 मिनट की साजिश में बिछाया मौत का जाल

कोलकाता/बारासात: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद राज्य एक बार फिर राजनीतिक हिंसा की आग में झुलसता नजर आ रहा है। भाजपा के कद्दावर नेता और नंदीग्राम के विधायक सुवेंदु अधिकारी के बेहद करीबी पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस की शुरुआती जांच में यह साफ हो गया है कि यह कोई सामान्य अपराध नहीं, बल्कि एक सोची-समझी प्रोफेशनल ‘कॉन्ट्रैक्ट किलिंग’ थी। वारदात में अत्याधुनिक ग्लॉक 47X पिस्टल का इस्तेमाल इस ओर इशारा कर रहा है कि हमलावर कोई आम अपराधी नहीं थे।

90 मिनट का डेथ ट्रैप: साये की तरह किया पीछा

बुधवार रात को अंजाम दी गई इस वारदात की टाइमलाइन किसी थ्रिलर फिल्म की तरह है। रात 9 बजे चंद्रनाथ कोलकाता से मध्यमग्राम स्थित अपने घर के लिए स्कॉर्पियो से निकले थे। सीसीटीवी फुटेज से खुलासा हुआ है कि रात 9:58 बजे एक कार और दो बाइक सवार साये की तरह उनकी गाड़ी का पीछा कर रहे थे। 10:30 बजे मध्यमग्राम के दोहरिया जंक्शन के पास हमलावरों की कार ने स्कॉर्पियो का रास्ता रोका और बाइक सवार शूटरों ने खिड़की के पास आकर ताबड़तोड़ 10 राउंड फायरिंग कर दी। चंद्रनाथ के सीने और पेट में तीन गोलियां लगीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

फोन पर गूंजी गोलियों की आवाज, विधायक ने सुनी अंतिम कराह

भाजपा विधायक शंकर घोष ने इस हत्याकांड को लेकर दिल दहला देने वाला दावा किया है। उन्होंने बताया कि जिस वक्त हमला हुआ, वह चंद्रनाथ से फोन पर शनिवार को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों को लेकर बात कर रहे थे। घोष के मुताबिक, “बातचीत के दौरान अचानक फोन पर गोलियों की तड़तड़ाहट और फिर चंद्रनाथ के कराहने की आवाज आई। मैंने कई बार कॉल किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। अंत में एक अनजान व्यक्ति ने फोन उठाकर बताया कि उन्हें गोली मार दी गई है।”

सुवेंदु के करीबियों की मौत का ‘चौथा अध्याय’

चंद्रनाथ रथ की हत्या ने एक डरावने पैटर्न को फिर से जिंदा कर दिया है। पिछले 13 सालों में सुवेंदु अधिकारी के यह चौथे करीबी हैं जिनकी संदिग्ध या हिंसक परिस्थितियों में मौत हुई है:

  • 2013: पीए प्रदीप झा की मौत (सामान्य माना गया)।

  • 2018: पीएसओ शुभव्रत चक्रवर्ती की मौत (आत्महत्या करार)।

  • 2021: पर्सनल असिस्टेंट पुलक लाहिड़ी की असामान्य मौत।

  • 2026: चंद्रनाथ रथ की सरेआम हत्या।

बंगाल की राजनीति में बड़ा फेरबदल: विधानसभा भंग

इस हत्याकांड और बढ़ते तनाव के बीच बंगाल की राजनीति में एक बड़ा संवैधानिक मोड़ आया है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के इस्तीफे से इनकार के बीच राज्यपाल आरएन रवि ने विधानसभा भंग कर दी है। विधानसभा का कार्यकाल 7 मई की रात को ही समाप्त हो गया था। इस कदम के बाद बंगाल में राष्ट्रपति शासन या नए सिरे से कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच प्रशासन चलाने की अटकलें तेज हो गई हैं।

जांच के अब तक के अपडेट्स:

  • फर्जी नंबर प्लेट: पुलिस को बारासात के पास से दूसरी बाइक और वारदात में इस्तेमाल कार बरामद हुई है। दोनों पर फर्जी रजिस्ट्रेशन नंबर थे और इंजन नंबर मिटाने की कोशिश की गई थी।

  • हिरासत में संदिग्ध: पुलिस ने अब तक 3 संदिग्धों को हिरासत में लिया है। जांच के लिए कई स्पेशल टीमें बनाई गई हैं।

  • एयरफोर्स अफसर थे चंद्रनाथ: राजनीति में आने से पहले चंद्रनाथ वायुसेना में अधिकारी थे और सुवेंदु के भवानीपुर चुनाव अभियान के मुख्य रणनीतिकार थे।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment