दिल्ली-हरियाणा दहलाने की बड़ी साजिश नाकाम: ऐतिहासिक मंदिर, ढाबा और सैन्य कैंप थे ISI मॉड्यूल के निशाने पर

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI द्वारा प्रायोजित एक बड़े आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। ‘गैंग बस्ट ऑपरेशन 2.0’ के तहत गिरफ्तार किए गए नौ संदिग्धों से पूछताछ में खुलासा हुआ है कि उनके निशाने पर दिल्ली का एक ऐतिहासिक मंदिर, एक व्यस्त ढाबा और हरियाणा में सेना का कैंप शामिल था।

ऐतिहासिक मंदिर और सुरक्षा बलों पर हमले का प्लान

जांच सूत्रों के मुताबिक, शाहजाद भट्टी मॉड्यूल से जुड़े एक आरोपी ने दिल्ली के एक प्रमुख ऐतिहासिक मंदिर की रेकी की थी। उसने मंदिर परिसर और वहां तैनात पुलिस व अर्धसैनिक बलों की तस्वीरें पाकिस्तान स्थित अपने हैंडलर्स को भेजी थीं। मॉड्यूल की योजना मंदिर में अंधाधुंध फायरिंग कर सुरक्षाकर्मियों को निशाना बनाने और दहशत फैलाने की थी।

सोनीपत के ढाबे पर ग्रेनेड हमले का टास्क

आतंकियों के निशाने पर दिल्ली-सोनीपत हाईवे स्थित एक प्रसिद्ध ढाबा भी था। सूत्रों ने बताया कि आरोपियों को इस ढाबे पर ग्रेनेड हमला करने का काम सौंपा गया था। चूंकि इस हाईवे पर हजारों लोगों की आवाजाही होती है, इसलिए हमले का मकसद बड़े पैमाने पर जनहानि करना और सप्लाई चेन में डर पैदा करना था।

हरियाणा में मिलिट्री कैंप की रेकी

जांच में यह भी सामने आया है कि इस मॉड्यूल ने हरियाणा के हिसार स्थित सैन्य कैंप की भी रेकी की थी। आरोपियों ने कैंप और उसके आसपास के संवेदनशील इलाकों के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया के जरिए सीमा पार भेजे थे। इसके अलावा, उत्तर प्रदेश के कुछ पुलिस थाने भी इस मॉड्यूल के रडार पर थे।

क्या है ‘गैंग बस्ट ऑपरेशन 2.0’?

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने विभिन्न राज्यों में छापेमारी कर शाहजाद भट्टी मॉड्यूल के 9 गुर्गों को गिरफ्तार किया है।

  • मकसद: गैंगस्टर-टेरर नेटवर्क को तोड़ना।

  • फंडिंग: पुलिस अब इन संदिग्धों के सीमा पार संपर्कों और फंडिंग के रास्तों की जांच कर रही है।

  • नेटवर्क: गिरफ्तार आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर देश के अन्य हिस्सों में छिपे इनके साथियों की तलाश तेज कर दी गई है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment