पत्नी की बेरुखी से आहत पति ने उठाया खौफनाक कदम, चाकू से काटा अपना ही प्राइवेट पार्ट…जब  खेत से लौटी मां ने देखा

खड्डा (कुशीनगर): पति-पत्नी के बीच विवाद के मामले अक्सर सामने आते हैं, लेकिन कुशीनगर के हनुमानगंज थाना क्षेत्र से एक ऐसी रूहानी वारदात सामने आई है जिसे सुनकर हर कोई दंग है। पत्नी से झगड़े और उसकी बेरुखी से परेशान एक युवक ने आत्मघाती कदम उठाते हुए चाकू से अपना प्राइवेट पार्ट (गुप्त अंग) काट डाला। युवक को गंभीर हालत में गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।

खेत से लौटी मां ने देखा खून से लथपथ बेटा

घटना हनुमानगंज थाना क्षेत्र के टेंगरहा गांव की है। रविवार शाम जब रोहित चौहान (32) की मां खेत से काम कर लौटी, तो घर के अंदर से बेटे के कराहने की आवाज सुनाई दी। मां जब कमरे में पहुंची तो मंजर देखकर उनकी चीख निकल गई। रोहित जमीन पर गिरा हुआ था और उसकी पैंट खून से पूरी तरह लथपथ थी। शोर सुनकर जुटे पड़ोसियों की मदद से उसे तत्काल तुर्कहां सीएचसी ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल और फिर वहां से गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

5 साल से चल रहा था कलह, नशे का बन गया था आदी

परिजनों के मुताबिक, रोहित की शादी 13 साल पहले सुरजावती से हुई थी। करीब 5 साल पहले दोनों के बीच अनबन शुरू हुई, जो समय के साथ बढ़ती गई। रोहित पहले शहर में मजदूरी करता था, लेकिन पारिवारिक कलह के चलते दो साल पहले नौकरी छोड़कर घर लौट आया। आर्थिक तंगी और आए दिन के झगड़ों ने उसे मानसिक रूप से तोड़ दिया और वह अत्यधिक शराब पीने लगा।

पहले अंगूठा काटा, फिर खाया जहर; अब किया यह जानलेवा कृत्य

रोहित के पिता जगलाल चौहान ने बताया कि बेटा पिछले काफी समय से मानसिक तनाव में था। दो महीने पहले पत्नी झगड़ा कर अपनी दो बेटियों को लेकर अपनी बहन के घर चली गई, जबकि बेटों को मायके भेज दिया। रोहित ने उसे कई बार घर बुलाने की कोशिश की, लेकिन पत्नी नहीं मानी। इसी अवसाद में रोहित पहले भी कई बार आत्मघाती कोशिशें कर चुका है।

  • तीन महीने पहले: विवाद के बाद उसने चाकू से अपने बाएं हाथ का अंगूठा काटकर अलग कर दिया था।

  • कुछ दिन पहले: उसने जहर खाकर जान देने की कोशिश की थी।

  • 6 महीने पहले: गुस्से में वह अपने ही बड़े बेटे पर गंडासे से हमला करने जा रहा था, जिसे परिवार ने समय रहते रोका।

इलाज जारी, पुलिस कर रही मामले की जांच

हनुमानगंज थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर दिग्विजय नारायण राय ने बताया कि अस्पताल के माध्यम से युवक द्वारा खुद को चोट पहुंचाने की सूचना मिली थी। शुरुआती जांच में मामला पत्नी के साथ लंबे समय से चल रहे विवाद और मानसिक तनाव का लग रहा है। फिलहाल युवक का इलाज गोरखपुर में चल रहा है और पुलिस परिजनों के बयानों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment