लखनऊ: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने प्रशासनिक मशीनरी को धार देने और व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से गुरुवार देर रात ब्यूरोक्रेसी में बड़ी सर्जरी की है। शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, प्रदेश के 84 वरिष्ठ PCS अधिकारियों का सामूहिक तबादला कर दिया गया है। इस फेरबदल की जद में कई जिलों के अपर जिलाधिकारी (ADM), उप जिलाधिकारी (SDM), नगर मजिस्ट्रेट और विभिन्न विकास प्राधिकरणों के सचिव स्तर के अधिकारी आए हैं। चुनाव और प्रशासनिक आवश्यकताओं को देखते हुए इस सूची को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इन बड़े जिलों के ADM और सचिवों की बदली जिम्मेदारी
तबादला सूची पर नजर डालें तो वाराणसी के अपर जिलाधिकारी (नगर) आलोक कुमार वर्मा को अब मुख्य राजस्व अधिकारी (CRO) के रूप में सुल्तानपुर भेजा गया है। वहीं, हरदोई की एडीएम (वित्त एवं राजस्व) प्रियंका सिंह को लखनऊ स्थित कमांडेंट नागरिक सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान में नई तैनाती दी गई है। बदायूं में तैनात डॉ. वैभव शर्मा को अब गोरखपुर का अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) बनाया गया है। प्रशासन का प्रयास है कि महत्वपूर्ण पदों पर अनुभवी अधिकारियों को तैनात कर जनसुनवाई और विकास कार्यों में तेजी लाई जाए।
विकास प्राधिकरणों और महत्वपूर्ण मंडलों में नई नियुक्तियां
सरकार ने विकास प्राधिकरणों के ढांचे में भी बदलाव किया है। प्रयागराज विकास प्राधिकरण के सचिव अजीत कुमार सिंह को मुजफ्फरनगर का नया एडीएम (वित्त एवं राजस्व) नियुक्त किया गया है। वहीं, गौतमबुद्धनगर के एडीएम (वित्त एवं राजस्व) अतुल कुमार को दोहरी जिम्मेदारी देते हुए लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) में संयुक्त सचिव और नागरिक उड्डयन निदेशालय में संयुक्त निदेशक (प्रशासन) बनाया गया है। जालौन के एडीएम संजय कुमार अब आगरा विकास प्राधिकरण के सचिव के रूप में कार्यभार संभालेंगे, जबकि मुजफ्फरनगर के गजेंद्र कुमार गोरखपुर के नए एडीएम (नगर) होंगे।
नगर निगम और मंडल स्तर पर फेरबदल
प्रयागराज नगर निगम में शादाब असलम को अपर नगर आयुक्त की जिम्मेदारी सौंपी गई है, वे इससे पहले उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल संघ में प्रधान प्रबंधक थे। संतकबीरनगर के एडीएम जय प्रकाश को पदोन्नत करते हुए गोरखपुर मंडल का अपर आयुक्त नियुक्त किया गया है। इसके अलावा, नीता को प्रयागराज मंडल का अपर आयुक्त बनाया गया है। आगरा में प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूती देने के लिए अमरेंद्र कुमार वर्मा को एडीएम (प्रोटोकॉल) की कुर्सी सौंपी गई है।
प्रयागराज और सुल्तानपुर में नए चेहरों की एंट्री
गोरखपुर के एडीएम विनीत कुमार सिंह अब प्रयागराज विकास प्राधिकरण के नए सचिव होंगे। वहीं, प्रयागराज की एडीएम (प्रशासन) रही पूजा मिश्रा को उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन में अतिरिक्त मिशन निदेशक बनाया गया है। उनकी जगह प्रयागराज मंडल की अपर आयुक्त रलवप्रिया को सुल्तानपुर का अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) नियुक्त किया गया है। शासन का मानना है कि इन तबादलों से स्थानीय स्तर पर लंबित फाइलों का निस्तारण तेजी से होगा और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंच सकेगा।











