भोपाल में मॉडल-एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा मौत मामला: CCTV फुटेज आया सामने, आखिरी चैट में लिखा- ‘मुझे बहुत घुटन हो रही है मां’

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में मॉडल और एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा (31) की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में हर दिन नए और चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। सोमवार को घटना वाले दिन का एक सीसीटीवी (CCTV) फुटेज सामने आया है, जिसमें मौत से ठीक पहले ट्विशा घर की छत की तरफ जाती हुई दिखाई दे रही हैं। इसके कुछ देर बाद उनके शव को तीन लोग नीचे लाते हुए नजर आ रहे हैं। वहीं, इस मामले में फरार चल रहे ट्विशा के पति समर्थ सिंह को कोर्ट से बड़ा झटका लगा है और अदालत ने उसकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी है।

आखिरी वॉट्सएप चैट वायरल: ‘मुझे बहुत घुटन हो रही है मां…’

ट्विशा की मौत के बाद उनकी अपनी मां के साथ की गई आखिरी वॉट्सएप चैट भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इस भावुक चैट में ट्विशा ने अपनी मां को लिखा था, “मुझे बहुत घुटन हो रही है मां… ये लोग न रोने देंगे, न हंसने की वजह देंगे।” इस चैट से साफ जाहिर होता है कि वह अपने ससुराल में मानसिक तनाव से गुजर रही थीं। मृतका के भाई हर्षित शर्मा, जो भारतीय सेना में मेजर हैं, उन्होंने और मायके पक्ष ने आरोप लगाया है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या है।

हाई-प्रोफाइल ससुराल, पूर्व जज सास ने बुलाई प्रेस कॉन्फ्रेंस

ट्विशा की शादी करीब छह महीने पहले 12 दिसंबर 2025 को भोपाल के बागमुगालिया एक्सटेंशन में रहने वाले वकील समर्थ सिंह से हुई थी। समर्थ की मां गिरीबाला सिंह रिटायर्ड जिला जज हैं। मामले के तूल पकड़ने के बाद पूर्व जज गिरीबाला सिंह ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मायके पक्ष के आरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि ट्विशा ने अपनी मर्जी से गर्भपात (Abortion) कराया था और वह डिप्रेशन में थी। गिरीबाला सिंह का आरोप है कि ट्विशा की मौत को लेकर उसका परिवार माइलेज ले रहा है और शव पर राजनीति कर उनके देश सेवा से जुड़े प्रतिष्ठित परिवार को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोबारा पोस्टमॉर्टम की मांग की है।

सास का कोर्ट में दावा: ट्विशा को थी गांजे की लत, 12 घंटे रही थीं लापता

दूसरी ओर, आरोपी सास गिरीबाला सिंह की ओर से कोर्ट में दाखिल जमानत अर्जी के कुछ हिस्से भी सामने आए हैं, जिसमें उन्होंने ट्विशा को ‘ड्रग एडिक्ट’ बताया है। याचिका में दावा किया गया है कि ट्विशा को नशे की इतनी गंभीर लत थी कि नशा न मिलने पर उसके हाथ कांपने लगते थे और वह चिड़चिड़ी हो जाती थी। वह गांजा लेने के लिए दिल्ली जाने की जिद करती थी, जिसके लिए उसकी काउंसलिंग भी कराई गई थी। जमानत अर्जी में यह भी कहा गया है कि 17 अप्रैल 2026 को ट्विशा दिल्ली गई थी और करीब 12 घंटे तक लापता रही थी। ससुराल पक्ष ने कोर्ट में ऑनलाइन ट्रांजैक्शन की रसीदें पेश करते हुए कहा कि वे ट्विशा को हर महीने 5 हजार से 50 हजार रुपए तक देते थे, इसलिए दहेज प्रताड़ना के आरोप पूरी तरह गलत हैं।

‘बच्चा मेरा नहीं है…’ के तानों से टूट चुकी थी ट्विशा

ट्विशा के मायके वालों ने ससुराल पक्ष के इन दावों पर तीखा पलटवार किया है। भाई के मुताबिक, मार्च में ट्विशा की अनप्लांड प्रेग्नेंसी हुई थी। ट्विशा शारीरिक और मानसिक रूप से बच्चे के लिए तैयार नहीं थी, लेकिन ससुराल वाले उस पर दबाव बना रहे थे। परिजनों का आरोप है कि पति समर्थ सिंह उसे बेहद दर्दनाक ताने देता था और कहता था कि “बच्चा मेरा नहीं है, इसलिए तुम उसे गिराना चाहती हो।” मायके वालों का कहना है कि इन आरोपों और तानों ने ट्विशा को अंदर से पूरी तरह तोड़ दिया था।

फरार पति पर 10 हजार का इनाम, एम्स में दोबारा पोस्टमॉर्टम की मांग

पुलिस ने फरार पति समर्थ सिंह पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित कर रखा है और वह विदेश न भाग सके, इसके लिए उसका पासपोर्ट ब्लॉक करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मायके पक्ष का आरोप है कि आरोपी परिवार हाई-प्रोफाइल और रसूखदार है, इसलिए उन्हें स्थानीय पुलिस की जांच पर भरोसा नहीं है। उन्होंने नई दिल्ली के एम्स (AIIMS) में दोबारा पोस्टमॉर्टम कराने और जांच किसी बाहरी केंद्रीय एजेंसी से कराने की गुहार लगाई है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसीपी मिसरोद रजनीश कश्यप के नेतृत्व में एक विशेष एसआईटी (SIT) का गठन किया गया है, जिसकी 6 टीमें अलग-अलग ठिकानों पर फरार आरोपी की तलाश में दबिश दे रही हैं।

ट्विशा के आखिरी CCTV फुटेज…

CCTV फुटेज में ट्विशा शाम 7.20 बजे सीढ़ियों से ऊपर जाती दिखी।
CCTV फुटेज में ट्विशा शाम 7.20 बजे सीढ़ियों से ऊपर जाती दिखी।
सीढ़ियों पर पीले रंग की टी-शर्ट पहने एक युवक घुटनों के बल बैठा दिख रहा है।
सीढ़ियों पर पीले रंग की टी-शर्ट पहने एक युवक घुटनों के बल बैठा दिख रहा है।
ट्विशा की सास गिरीबाला सिंह इन्हीं सीढ़ियों के बगल वाला गेट खोलकर जाती दिखीं।
ट्विशा की सास गिरीबाला सिंह इन्हीं सीढ़ियों के बगल वाला गेट खोलकर जाती दिखीं।
गिरिबाला के बाद नीले रंग की शर्ट में एक युवक सीढ़ियों से ऊपर जाता दिखा।
गिरिबाला के बाद नीले रंग की शर्ट में एक युवक सीढ़ियों से ऊपर जाता दिखा।
तीन युवक ट्विशा की बॉडी लेकर सीढ़ियों से नीचे उतरते दिखे।
तीन युवक ट्विशा की बॉडी लेकर सीढ़ियों से नीचे उतरते दिखे।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment